अडानी समूह 2045 तक बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का करेगा निवेश

कोलकाता, 24 सितंबर (वार्ता) अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने गुरुवार को कहा कि भारत एक बार फिर पूरब की ओर देख रहा है और उनका समूह 2045 तक पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। श्री अडानी ने न्यू टाउन में 'अडानी आरोग्य मंदिर' के उद्घाटन समारोह में कहा कि समूह बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स, बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण, सड़कों, पुलों और हाइपरस्केल डेटा सेंटरों सहित कई क्षेत्रों में निवेश करेगा।
श्री अडानी ने कहा, ''आज भारत उम्मीद के साथ एक बार फिर पूरब की ओर देख रहा है कि बंगाल अपनी ताकत को फिर से हासिल करेगा और विकास का अगला शानदार अध्याय लिखेगा।" उन्होंने कहा, "आपके नेतृत्व में मुझे पूरा भरोसा है कि बंगाल हमारे सामने मौजूद संभावनाओं को नये सिरे से परिभाषित करेगा। हम अडानी समूह उन संभावनाओं को साकार करने में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 'भौगोलिक दृष्टि से एक बड़ा क्षेत्र, प्रतिभा और आर्थिक क्षमता का अद्भुत मेल' है और इसकी रणनीतिक स्थानीयता भारत की समुद्री और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी को पूर्वोत्तर, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ मजबूत करने में मदद कर सकती है।
श्री अडानी ने रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जगदीश चंद्र बोस की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल के विचारों, साहस, विज्ञान और संस्कृति ने पीढ़ियों से देश की किस्मत को आकार दिया है। श्री अडानी ने कहा कि अडानी समूह बंगाल के लोगों के साथ मिलकर राज्य के विकास के अगले चरण में योगदान देना चाहता है और उन्होंने 'अडानी आरोग्य मंदिर' को राज्य के प्रति समूह की प्रतिबद्धता की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल एक राष्ट्रीय समुद्री और लॉजिस्टिक्स पुल के तौर पर रणनीतिक भूमिका निभाता है, जो भारत के औद्योगिक केंद्र और पूर्वोत्तर को बंगाल की खाड़ी से जोड़ता है।
उन्होंने बताया कि बेहतर बंदरगाह लॉजिस्टिक्स को बेहतर बना रहे हैं, उद्योगों को आकर्षित कर रहे हैं और उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे भविष्य के लिए ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि आरोग्य मंदिर 2,000 बिस्तरों वाला एक गैर-लाभकारी मेडिकल संस्थान होगा, जिसमें से 1,000 बिस्तर राज्य और केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए होंगे। अडानी समूह अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और शोध क्षेत्र में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। इन संस्थानों से राज्य में स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं में 10,000 से अधिक नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। श्री अडानी ने कहा कि एक मजबूत बंगाल बनाने के लिए किसी एक संस्थान से आगे बढ़कर सोचना होगा।
स्वास्थ्य देखभाल में लोगों की जिंदगी बदलने की क्षमता है और बुनियादी ढांंचे में लाखों लोगों के लिए अवसर बढ़ाने की क्षमता है। उन्होंने कहा, "यहीं से बंगाल के प्रति हमारी बड़ी प्रतिबद्धता शुरू होती है।" अडानी समूह को इस विजन के साथ उम्मीद है कि वह 2045 तक बंगाल में बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स, बिजली उत्पादन, बिजली ट्रांसमिशन और वितरण, सड़कों, पुलों और हाइपरस्केल डेटा सेंटरों सहित विभिन्न क्षेत्रों में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा।
श्री अडानी ने कहा कि यह निवेश राज्य में बुनियादी ढांचों को बनाने और आर्थिक अवसर बढ़ाने की समूह की व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा होगा, जबकि स्वास्थ्य देखभाल पहल इस जुड़ाव की शुरुआत होगी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अडानी समूह से राज्य में और निवेश करने का आग्रह किया और कहा कि यह समूह बंगाल के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने न्यू टाउन में गरीबों के लिए 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला रखी।
श्री अधिकारी ने कहा कि अस्पताल के आधे बिस्तर गरीब मरीजों के लिए आरक्षित होंगे और उन्हें पूरी तरह से मुफ्त इलाज मिलेगा।
पंकज, मधुकांत वार्ता

