किशन रेड्डी ने रेवंत पर धर्म के नाम पर लोगों को बांटने वाली राजनीति करने का लगाया आरोप

नयी दिल्ली/हैदराबाद, 01 अक्तूबर (वार्ता) केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने गुरुवार को भगवान श्रीराम तथा शंकर भगवान को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की टिप्पणियों की आलोचना की और आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने चुनावी वादों पर ध्यान देने के बजाय विभाजनकारी राजनीति कर रही है।
श्री किशन रेड्डी ने नयी दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि श्री रेवंत रेड्डी सनातन धर्म को लेकर विवादास्पद टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय पहचान के आधार पर लोगों में विभाजन पैदा करने का रहा है।
उन्होंने तेलंगाना सरकार की ओर से 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान किये गये वादों को लागू करने को लेकर भी सवाल उठाये। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस नेताओं की ओर से रखे जा रहे प्रस्तावों पर सवाल उठाया और कहा कि केंद्र ने संकेत दिया है कि दक्षिणी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ायी जायेगी। उन्होंने विपक्ष पर रचनात्मक चर्चा के बिना सरकार की पहलों का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण का भी बचाव किया और मतदाताओं के नाम हटाए जाने संबंधी कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य अपात्र नामों को हटाना और मतदाता सूचियों की शुद्धता में सुधार करना है।
यदाद्री ताप विद्युत संयंत्र के संबंध में श्री रेड्डी ने सवाल किया कि ऐसी श्रेणी के कोयले को आधार बनाकर परियोजना क्यों तैयार की गयी, जो सिंगरेनी से आसानी से उपलब्ध नहीं था और इसे कोयला क्षेत्रों से दूर क्यों स्थापित किया गया। राज्य सरकार की ओर से हाल ही में अधिकारियों को संयंत्र में पूर्ण क्षमता से बिजली उत्पादन बहाल करने के लिए महानदी कोलफील्ड्स और कोल इंडिया से जी-9 ग्रेड का कोयला मंगाने का निर्देश दिये जाने के बाद उनकी यह टिप्पणी सामने आयी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का राजनीतिक रूप से मुकाबला करेगी। उन्होंने पार्टी की संभावनाओं को लेकर बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव की टिप्पणियों की भी आलोचना की। खैरताबाद विधानसभा सीट के संबंध में उन्होंने विधायक से जुड़े मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया और कहा कि भाजपा इस सीट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
उन्होंने उन नेताओं की भी आलोचना की, जिन्होंने अपने निर्वाचित पदों से इस्तीफा दिये बिना दल बदल लिया। श्री रेड्डी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन अक्तूबर को तेलंगाना का दौरा करेंगे और चार अक्तूबर को सहकारिता क्षेत्र से संबंधित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार दो से 31 अक्तूबर तक स्वच्छ भारत अभियान आयोजित करेगी। इस दौरान सरकारी कार्यालय स्वच्छता और इससे संबंधित गतिविधियों में भाग लेंगे।
संतोष अशोक वार्ता

