केरलम में अगले पांच वर्षों में 50 लाख विदेशी तथा 10 करोड़ घरेलू पर्यटकों के आने की उम्मीद : सतीशन

कोच्चि, 25 सितंबर (वार्ता) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कहा है कि राज्य की अनूठी पर्यटन क्षमताओं को देखते हुए उनकी सरकार ने राज्य में अगले पांच वर्षों में 50 लाख विदेशी पर्यटकों के आगमन का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसके साथ ही इस अवधि के दौरान घरेलू पर्यटकों का आगमन 10 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। श्री सतीशन ने देश के प्रमुख पर्यटन एवं व्यापार कार्यक्रमों में से एक 'केरल ट्रैवल मार्ट-2026' (केटीएम 2026) के 13वें संस्करण का गुरुवार को यहां उद्घाटन करते हुए यह बात कही। समारोह की अध्यक्षता राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री पी.सी. विष्णुनाद ने की। इस अवसर पर सहकारिता एवं आबकारी मंत्री एम लिजू भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, "वर्ष 2025 में केरलम में 8,21,999 विदेशी पर्यटक आये, जो 2024 की तुलना में 11.33 प्रतिशत अधिक थे। वहीं घरेलू पर्यटकों का आंकड़ा 12.64 प्रतिशत बढ़कर 2,50,58,366 तक पहुंच गया।" पारिस्थितिकी पर्यटन की संभावनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अनूठी विशेषताओं के रूप में वन पर्यटन, जंगल लॉज और ट्रेकिंग जैसे क्षेत्रों को लगातार बढ़ावा देना होगा।
उन्होंने कहा, "हम सभी बंदरगाहों को जोड़ना चाहते हैं और पूरे केरलम को बंदरगाह शहर के रूप में विकसित करना चाहते हैं।" बंदरगाह विकास को पर्यटन का प्रमुख घटक बताते हुए श्री सतीशन ने कहा कि सरकार ने कोचीन बंदरगाह को क्रूज टर्मिनल स्थापित करने की मंजूरी दे दी है, जबकि कोझिकोड में एक अन्य टर्मिनल का काम चल रहा है। दूसरे चरण में क्रूज सेवा का विस्तार केरलम की 44 नदियों तक किया जायेगा। श्री सतीशन ने कहा कि कोच्चि हवाई अड्डे के पास एक अंतरराष्ट्रीय वैश्विक सम्मेलन केंद्र बनाया जायेगा। केरलम के समुद्री इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कोच्चि में एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री संग्रहालय और एक 'ओशनेरियम' स्थापित करने की घोषणा की।
पर्यटन मंत्री विष्णुनाद ने कहा कि केटीएम वैश्विक पर्यटक समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है। एक ऐसी जगह, जहां व्यवसाय अवसरों से जुड़ते हैं और पर्यटन स्थल उन लोगों तक पहुंचते हैं, जो उन्हें दुनिया के सामने ले जाते हैं। मंत्री ने कहा कि 3,000 से अधिक खरीदार पंजीकरण और 400 से अधिक विक्रेता स्टालों के रिकॉर्ड आंकड़े के साथ 'केटीएम 2026' केरलम पर्यटन उद्योग के लिए सबसे बड़ा विपणन मंच बनने जा रहा है।
श्री विष्णुनाद ने कहा कि नये पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार 100 स्थलों पर पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, जिससे राज्य के अधिक से अधिक क्षेत्रों को पर्यटन का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि अगले ओणम उत्सव के दौरान पर्यटकों के लिए 'एक दिन के लिए मलयाली बनें' पहल शुरू की जायेगी। इसके तहत पर्यटकों को केरलमवासियों की पारंपरिक जीवन शैली और व्यंजनों का अनुभव कराया जायेगा। देश और विदेशों से 3,000 से अधिक पंजीकरण दर्ज करने वाला यह द्विवार्षिक आयोजन केटीएम के 25 वर्ष के इतिहास में सबसे बड़ी भागीदारी का प्रतीक है और पर्यटन क्षेत्र में सरकार एवं निजी उद्यमों के बीच तालमेल को प्रदर्शित करता है।
आलम, मधुकांत, उप्रेती वार्ता

