मोदी ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के चरण-दो का किया उद्घाटन, विजय के साथ की मेट्रो की सवारी

चेन्नई, 11 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की उपस्थिति में रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के चरण-दो के पहले हिस्से का उद्घाटन किया।
शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और यातायात संपर्क को सुगम बनाने के लिए 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह नया मेट्रो रूट 14.64 किलोमीटर लंबा है। श्री मोदी और श्री विजय ने चरण-दो के तहत पूनमल्ली-वडपलनी खंड के बीच पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस चरण में 3.7 किलोमीटर लंबा विशेष डबल-डेकर ढांचा और बिना ड्राइवर के ट्रेन परिचालन का समर्थन करने वाली अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली शामिल है।
इसके बाद श्री मोदी और श्री विजय दोनों ने काउंटर से टिकट खरीदे और इस पहले चरण के तहत आने वाले पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक और वहां से वापस मेट्रो ट्रेन में यात्रा की।
सफर के दौरान चेन्नई मेट्रो रेल के अधिकारियों ने दोनों नेताओं को परियोजना की प्रमुख विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पूनमल्ली से पोरूर के बीच मेट्रो से यात्रा का समय घटकर केवल 20 मिनट रह जाएगा, जबकि पोरूर से वडपलनी की दूरी मेट्रो के जरिए 18 मिनट में पूरी होगी, जिससे यात्रियों के समय की बड़ी बचत होगी।
इससे पहले हवाई अड्डे से पोरूर मेट्रो स्टेशन तक के पूरे रास्ते में सड़क के दोनों ओर जमा लोगों के हुजूम ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया, जिसमें हाथों में तख्तियां लिए महिला कार्यकर्ताओं सहित भाजपा के तमाम कार्यकर्ता शामिल थे। श्री मोदी और श्री विजय ने साथ-साथ रोड शो करते हुए जनता का यह उत्साहजनक अभिवादन स्वीकार किया। जैसे ही वाहन धीमा हुआ, प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए गाड़ी का दरवाजा खोला, बाहर खड़े हुए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री भी दूसरी गाड़ी में प्रधानमंत्री के पीछे-पीछे चल रहे थे, उन्होंने गाड़ी की खिड़की पूरी तरह खोल रखी थी और बड़ी आत्मीयता से जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। दोनों नेताओं के इस संयुक्त रोड शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। पोरूर से आईआईटी-मद्रास परिसर की वापसी यात्रा के दौरान भी ऐसा ही भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत देखने को मिला।
प्रधानमंत्री ने बाद में आईआईटी-मद्रास परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय मैदान में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में मेट्रो परियोजना के चरण-दो के पूनमल्ली-वडपलनी खंड का औपचारिक उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने 13,000 करोड़ रुपये की कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। मेट्रो का यह चरण-दो परियोजना दैनिक यात्रियों के सफर के समय को कम करेगी और तेजी से फैलते चेन्नई के पश्चिमी उपनगरों को मुख्य शहर से जोड़ेगी, जिससे आवागमन आसान होगा और शहर के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को नयी ताकत मिलेगी।
आलम.श्रवण वार्ता

