अगरतला, 15 अक्टूबर (वार्ता) त्रिपुरा राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने नवंबर में होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं।
कल शाम आयोग ने सभी दलों की एक बैठक बुलाई, जिसमें चुनाव की व्यवस्थाओं, मतदाता सूची और सुरक्षा पर चर्चा की गई। एसईसी प्रमुख डॉ. पी. के. चक्रवर्ती ने बताया कि राज्य भर के 21 नगर निकायों में मतदान होगा, जिसमें अगरतला नगर निगम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि चुनाव को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग ने कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने चुनाव की पर्याप्त सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को तैनात करने की मांग की। वहीं, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने राज्य में पहले से मौजूद केंद्रीय बलों का ही उपयोग करने का सुझाव दिया। डॉ. चक्रवर्ती ने कहा, "डीजीपी इस मामले पर गृह विभाग के साथ चर्चा करेंगे।"
चुनाव तैयारियों पर राज्य-स्तरीय पहली चर्चा के लिए आयोजित इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने जिला-स्तरीय व्यवस्थाओं, शहरी विकास विभाग के कार्यों और मतदाता सूची की प्रगति की समीक्षा की। डॉ. चक्रवर्ती ने कहा, "मतदाता सूची का मसौदा जारी करना और फिर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करना, चुनाव प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण हैं।"
बैठक में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और चुनाव के मुख्य चरणों पर भी चर्चा हुई, जिनमें नामांकन दाखिल करना, कागजातों की जांच, नाम वापस लेना और आदर्श आचार संहिता लागू करना शामिल है। डॉ. चक्रवर्ती ने सभी दलों से अपील की कि वे पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने में सहयोग करें। आयोग ने सुरक्षा योजनाओं पर भी चर्चा की, जिसमें सुरक्षा बलों की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया गया।
सैनी जितेन्द्र वार्ता