एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, October 28, 2026

थेनी जिला जेल से फरार 17 कैदी दोबारा गिरफ्तार: तमिलनाडु कारागार विभाग की कार्रवाई

थेनी जिला जेल से फरार 17 कैदी दोबारा गिरफ्तार: तमिलनाडु कारागार विभाग की कार्रवाई

चेन्नई, 28 अक्टूबर (वार्ता) तमिलनाडु के थेनी जिला जेल से तीन ड्यूटी वार्डन पर हमला कर फरार हुए सभी 17 कैदियों को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। तमिलनाडु कारागार विभाग ने बुधवार को यह घोषणा की।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि सोमवार रात दस बजे तीसरे ब्लॉक में एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक कर कैदियों के फरार होने की घटना के तुरंत बाद 17 विशेष टीमों का गठन किया गया था। ड्रोन सर्च ऑपरेशन सहित गहन तलाशी अभियानों के बाद, मंगलवार को इनमें से 13 कैदियों को पकड़ लिया गया था। इसके बाद बुधवार सुबह दो और कैदियों को फिर से गिरफ्तार किया गया, जबकि शाम को ड्रोन निगरानी के जरिए बचे हुए दो फरार कैदियों को भी ढूंढकर हिरासत में ले लिया गया। इसके साथ ही फरार हुए सभी 17 कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर जेल वापस ला दिया गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि कारागार एवं सुधार सेवा महानिदेशक संदीप राय राठौर के आदेश पर और थेनी सशस्त्र रिजर्व, विशेष पुलिस बल तथा थेनी जिला पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) के जवानों की 17 विशेष टीमों की मदद से सभी फरार कैदियों को पकड़ा गया। इस बीच, चेन्नई के पास पुझल सेंट्रल जेल से दो कैदियों और थेनी जिला जेल से 17 कैदियों के भागने की दोहरी घटनाओं के बाद राज्य की सभी जेलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। परिसरों में सशस्त्र पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और कैदियों की आवाजाही पर नजर रखने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वॉच टावर बनाये गये हैं।

शोभित अशोक वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
264
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
तमिलनाडु जेल फरार गिरफ्तार
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
28/10/26 13:12
पिछला अपडेट
28/10/26 13:12
स्थान
India