देश की पहली बुलेट ट्रेन तैयार करने की प्रक्रिया तेज, वैष्णव ने बेंगलुरु में की विनिर्माण प्रगति की समीक्षा

बेंगलुरु 01 नवंबर (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को यहाँ आदित्य निर्माण केंद्र में भारत में निर्मित हो रही बुलेट ट्रेन-बी28 की निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और बताया कि इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
श्री वैष्णव आज यहां वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के बाद भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) पहुंचे और ट्रेन की कार बॉडी फैब्रिकेशन के लिए सटीक-इंजीनियर जिग्स और फिक्स्चर सहित विशेष विनिर्माण अवसंरचना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन के प्रमुख चरणों जैसे अंडरफ्रेम, साइडवॉल, रूफ असेंबली, कार असेंबली और सतह की तैयारी विभिन्न कार्यों को देखा और अधिकारियों से बात कर जानकारी हासिल की।
रेल मंत्री ने यहां 'निचोड़ परीक्षण' प्रदर्शन भी देखा, जो एक गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया है जिसमें ट्रेन कार बॉडी को इसकी संरचनात्मक ताक़त, कठोरता और आयामी स्थिरता का आकलन करने के लिए नियंत्रित संपीड़न / तन्य बलों के अधीन किया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने यात्री सीटों की जांच की और हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी) सिस्टम, कप्लर्स और अन्य ट्रेन उपकरण और असेंबलियों सहित प्रमुख ऑनबोर्ड सिस्टम और घटकों की समीक्षा की।
श्री वैष्णव ने कहा, " आज मैंने यहाँ निर्मित की जा रही बुलेट ट्रेन का गहन निरीक्षण किया। बुलेट ट्रेन के सभी प्रमुख घटकों का काम जोरशोर से चल रहा है जिसमें उत्पादन, एकीकृतकरण और परीक्षण शामिल है। गुणवत्ता पर विशेष ज़ोर देने के साथ, पूरी प्रक्रिया बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।"
उन्होंने कहा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन, बी-28 का डिज़ाइन पूरा हो गया है। बीईएमएल में इसकी विभिन्न प्रणालियों का निर्माण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। पूरी संरचना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार डिज़ाइन किया गया है और यह सबसे कठोर निचोड़ परीक्षण से गुज़र रहा है क्योंकि ट्रेन बहुत तेज गति से चलती है। इस मौके पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संतोष, शोभित, मधुकांत वार्ता

