शुभेंदु ने अडानी समूह से बंगाल के पुनर्निर्माण में मदद करने का किया आग्रह, 2000-बेड वाले अस्पताल की आधारशिला रखी

कोलकाता, 24 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कोलकाता के न्यू टाउन में गरीबों के लिए 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला रखते हुए अडानी समूह से राज्य में और निवेश करने का आग्रह किया और कहा कि यह समूह बंगाल के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री ने आज भूमि पूजन के दौरान कहा, "अडानी आरोग्य मंदिर का निर्माण 51.75 एकड़ ज़मीन पर किया जायेगा और यह आर्थिक रूप से कमज़ोर रोगियों को मुफ़्त में 1,000 बेड उपलब्ध करायेगा।" उन्होंने इस परियोजना को राज्य के लिए एक मील का पत्थर करार दिया और कहा कि यह अस्पताल न्यू टाउन में स्वास्थ्य देखभाल शहर का केंद्र बनेगा। श्री अधिकारी ने कहा,"यह बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। देश में कहीं भी गरीबों के लिए ऐसी व्यवस्था नहीं है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद अस्पताल परियोजना तेज़ी से आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद करण अडानी मुझसे मिले। उन्होंने कहा कि वह न्यू टाउन में एक आधुनिक अस्पताल बनाना चाहते हैं। मैंने सहमति दे दी। गौतम अडानी की हरी झंडी मिलने के साथ ही कुछ ही महीनों के भीतर आधारशिला रखी गयी है।"
श्री अधिकारी ने कहा कि अस्पताल के आधे बिस्तर गरीब रोगियों के लिए आरक्षित और पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध होंगे। इस अस्पताल में गरीबों के लिए 1,000 बिस्तर पूरी तरह से मुफ़्त होंगे। यह एक बड़ी बात है क्योंकि देश में ऐसी सुविधा कहीं और नहीं है। इतने ऊंचे स्तर के अस्पताल गरीबों का मुफ़्त इलाज नहीं करते हैं। इसलिए आज बंगाल के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यह एक मील का पत्थर है।" उन्होंने कहा कि इस परियोजना से अस्पताल के आस-पास ज़रूरी अवसंरचना का विकास होगा और सरकारी राजस्व भी बढ़ेगा तथा न्यू टाउन एक स्वास्थ्य देखभाल शहर के रूप में विकसित होगा। उन्होंने अडानी ग्रुप से बंगाल में अपने निवेश का दायरा बढ़ाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल में सब कुछ है। मैं गौतम अडानी से हमारी सरकार की मदद करने का अनुरोध करना चाहता हूं। कृपया आएं और बंगाल को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने में हमारी मदद करें।" पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए श्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस दोनों के ही शासनकाल में औद्योगिक विकास को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा, "बंगाल ने बहुत कुछ सहन किया है। वामपंथी सरकार के समय श्रमिक संघ से जुड़ी समस्याओं के कारण 54 कारखाने बंद हो गए। पिछले 15 सालों में तृणमूल सरकार की उद्योगों में कोई दिलचस्पी नहीं रही। उन्होंने सिर्फ़ भत्ते दिए और राजनीति की।"
प्रस्तावित गहरे समुद्र वाले बंदरगाह का उल्लेख करते हुए श्री अधिकारी ने कहा कि अडानी ग्रुप दादानपात्रागढ़ में यह सुविधा विकसित करेगा जबकि इस परियोजना के लिए आरएफपी (प्रस्ताव के लिए अनुरोध) तैयार किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार की कल्याणी में एक ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाने की योजना है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार ने एक और अंतरराष्ट्रीय स्तर वाले हवाई अड्डे के पुराने प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। यह बयान उसी दिन आया है जब गौतम अडानी ने 2035 तक पश्चिम बंगाल में बंदरगाह, रसद, बिजली, सड़क, पुल, सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा केंद्रों में एक लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा निवेश करने की योजना का ऐलान किया है।
अभय अशोक वार्ता

