देहरादून, 30 अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड के बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा की ओर आ रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को जोशीमठ घाटी के ऊपर से लापता हो गया।
हेलीकॉप्टर का पता नहीं चलने पर भारतीय सेना, जिला प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने तलाश एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (युकाड़ा) की ओर से आज अपराह्न प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन वीटी-एचसीएक्स) बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए लगभग 13:14 बजे रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसी दौरान उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी काम करना बंद हो गया, जिसके बाद से उसकी वर्तमान स्थिति का पता नहीं चल सका है।
प्राधिकरण के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल तलाश एवं बचाव अभियान के लिए रवाना हो गयीं। एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के समस्त हेलीकॉप्टरों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे। इनमें पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा यात्री प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज शामिल हैं।
सुमिताभ उप्रेती वार्ता