मोदी के 25 साल के कार्यकाल को इतिहास में गरीब कल्याण के लिए स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा: अमित शाह

वडनगर (गुजरात) 17 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राजनीतिक क्षितिज का ध्रुव तारा बताते हुए गुरुवार को कहा कि उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को इतिहास में गरीब कल्याण के उनके कार्यों के लिए स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। श्री शाह प्रधानमंत्री के 76वें जन्म दिवस पर यहां 'वडनगर से वाराणसी' तक की एक मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के यहां सेवा संकल्प अभियान के तहत 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संदेश के साथ श्री मोदी की जन्मभूमि से निकाली गयी यह मोटरसाइिल रैली श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल की उपलब्धियों और संदेशों को प्रसारित करेगी। गृहमंत्री ने कहा कि जाति और खानदान की कोई पृष्ठभूमि न होने के बाद भी यह श्री मोदी की लगन और कर्तव्यनिष्ठा का ही परिणाम है कि वह देश और दुनिया के राजनीतिक आकाश में तेजस्वी ध्रुव तारे की तरह चमक रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर श्री मोदी का 12 साल का कार्यकाल देश के 80 करोड़ गरीबों के लिए स्वर्णिम दौर से कम नहीं है। इस दौरान 25 करोड़ लोग गरीबी के गर्त से बाहर निकाले गये हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा , " 80 करोड़ लोग तीन पीढ़ी से घर, शौचालय, नल, बिजली, खाने-पीने, इलाज की राह देख रहे थे। श्री मोदी ने 12 साल में घर, बिजली, नल से जल, प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम मुफ्त अनाज, पांच लाख तक इलाज, शौचालय, रसोईं गैस के कनेक्शन दिये। श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल गरीब कल्याण के साल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। " श्री शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री के तौर पर श्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल के दौरान भारत को सुरक्षित बनाने, अवसंरचना में विश्व में सर्वप्रथम बनाने की शुरुआत, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना में दुनिया आगे करने को लेकर पूरी दुनिया उनकी प्रशंसा करती है। स्वास्थ्य अवसंरचना को विश्व समकक्ष लाया। उन्होंने कहा कि 2010-13 तक देश में गहरी निराशा, हर तरफ भ्रष्टाचार, आंतरिक बाहरी सुरक्षा का ठिकाना नहीं, लोग सोचते थे देश कहां जा रहा है।
वर्ष 2014 में श्री मोदी प्रधानमंत्री बने, 2026 में 140 करोड़ भारतीय उत्साह संकल्प आशा के साथ बढ़ रहे हैं कि 2047 में भारत विकसित राष्ट्र होगा। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने न सिर्फ खुद 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प अपनाया, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं को भी देश सेवा के लिए 'राष्ट्र प्रथम' के विचार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। गृह मंत्री ने कहा कि जनता का सामूहिक आत्मविश्वास बढ़ाना किसी भी नेतृत्व की सफलता की सबसे बड़ी कसौटी होती है, श्री मोदी ने जनता को निराशा के गर्त से निकालकर विकसित भारत की यात्रा से जोड़ा है।
संतोष , मनोहर वार्ता

