एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, October 1, 2026

वेणुगोपाल ने कांग्रेस कार्यालय पर हमलों की निंदा की

वेणुगोपाल ने कांग्रेस कार्यालय पर हमलों की निंदा की

तिरुवनंतपुरम, 01 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को काले झंडे दिखाने के विरोध में केरल में पार्टी कार्यालय पर हुए हमलों की निंदा की है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के किये जा रहे विरोध प्रदर्शन को 'तमाशा' करार दिया है।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय पर किये गये हमले बहुत निंदनीय हैं। उन्होंने पुलिस से हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, " कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के खिलाफ हिंसा, जिसमें पथराव में तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति कार्यालय (डीसीसी) के कांच के शीशे टूटना और रात में अनावूर मंडलम समिति कार्यालय में आग लगाना शामिल है, निंदनीय है। "

उन्होंने आरोप लगाया कि श्री शाह के खिलाफ काले झंडे दिखाने के नाम पर भाजपा कार्यकर्ता पूरे केरल में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होने आरोप लगाते हुए कहा, " भाजपा के राज वाले भारत में ऐसी स्थिति है, जहां विरोध करने की भी आज़ादी नहीं है।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)प्रक्रिया और परीक्षा विवाद जैसे मुद्दों पर 'राष्ट्रीय स्तर पर अपनी साख खो दी है', अब हिंसा के ज़रिए केरल में लोगों की शांतिपूर्ण ज़िंदगी में खलल डालने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, " भाजपा का तरीका झगड़े का माहौल बनाना और अराजकता को बढ़ावा देना है। इसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता। " श्री वेणुगोपाल ने पुलिस से राज्य में हमलों का नेतृत्व करने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

जांगिड़.श्रवण वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
263
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
केरल वेणुगोपाल कार्यालय हमला
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
01/10/26 07:03
पिछला अपडेट
01/10/26 07:03
स्थान
India