एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Monday, September 21, 2026

एशियाई खेल : सुचिका ने एमएमए में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

एशियाई खेल : सुचिका ने एमएमए में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

आइची-नागोया (जापान) 21 सितंबर (वार्ता) भारत की सुचिका तरियाल ने सोमवार को एशियाई खेल 2026 में मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इसी के साथ वह इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं। नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में 36 साल की भारतीय फाइटर को महिलाओं की पारंपरिक 60 किग्रा भार वर्ग के सेमी-फ़ाइनल मुकाबले में सिंगापुर की तेओ हुई हून से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा।

इस मुकाबले का फैसला करने के लिए एक अतिरिक्त मिनट का समय लेना पड़ा था। एशियाई खेलों में कांस्य पदक के लिए अलग से कोई प्लेऑफ नहीं होता, इसलिए एमएमए में सेमीफाइनल हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को पदक मिलता है। सुचिका ने रविवार को क्वार्टर-फ़ाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर अपना पदक पक्का कर लिया था। हरियाणा के रोहतक की रहने वाली अनुभवी कॉम्बैट-स्पोर्ट एथलीट सुचिका ने जू-जित्सु और एमएमए में आने से पहले जूडो में अपनी पहचान बनाई थी। वह आठ बार की नेशनल जूडो चैंपियन हैं और उन्होंने 2019 कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।

सुचिका ने बर्मिंघम में हुए 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 57 किग्रा जूडो प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था। सुचिका ने 2017 में एमएमए में पर्दापण किया था, जिसके बाद उन्होंने इस खेल से सात साल का ब्रेक लिया, लेकिन जूडो और जू-जित्सु में हिस्सा लेती रहीं और 2024 में प्रोफेशनल एमएमए में वापसी की। वह इस साल की शुरुआत में एशियन मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर एशियन गेम्स में पहुंची थीं। आइची-नागोया 2026 में एमएमए में भारत के दो खिलाड़ी शामिल थे।

पुरुषों की पारंपरिक 77 किग्रा स्पर्धा में शामिल वरुण सान्याल को क्वार्टर-फ़ाइनल मुकाबले से पहले मेडिकली अनफ़िट घोषित कर दिया गया, जिससे बिना खेले ही उनका सफर खत्म हो गया। वज़न कम करने की कोशिश के दौरान सान्याल को चक्कर आना, सिर घूमना, मांसपेशियों में ऐंठन और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

वज़न कम करने की कोशिश के तहत खाना-पीना कम करने के दौरान, सॉना लेने के लगभग 30 मिनट बाद उन्हें ये लक्षण महसूस हुए। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें अनफिट घोषित कर दिया और वे अपनी तय फाइट में हिस्सा नहीं ले पाए।

राम. शादाब वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
368
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
एशियाई खेल दूसरी लीड सुचिका
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
21/09/26 10:58
पिछला अपडेट
21/09/26 10:58
स्थान
India