मुख्य चयनकर्ता अगरकर अपना कार्यकाल नहीं बढ़ाना चाहते

मुंबई, 19 सितंबर (वार्ता) भारतीय पुरुष टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत आगरकर अपना कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल 4 अक्तूबर को समाप्त हो रहा है।
क्रिकइंफो के अनुसार, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने इस सप्ताह अपने निर्णय के बारे में बीसीसीआई को सूचित कर दिया था। पता चला है कि अगरकर ने हाल के महीनों में बीसीसीआई से यह जानने के लिए संपर्क किया था कि क्या बोर्ड यह चाहता है कि वह 2027 के वनडे विश्व कप तक अपनी भूमिका निभाते रहें। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मुंबई में बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद कहा था कि अगरकर के भविष्य को लेकर निर्णय लेने के लिए अभी बोर्ड के पास समय है।
सैकिया ने कहा था, "हमारे पास अभी भी 15 दिन का समय है। क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन लंबा समय होता है। हम सही समय पर निर्णय लेंगे।" अगरकर का अनुबंध 4 अक्तूबर को समाप्त हो रहा है और अभी उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता है। वह इस महीने की शुरुआत में हुई बीसीसीआई की समीक्षा बैठक में भी मौजूद नहीं थे। जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता के पद पर अगरकर की नियुक्ति के बाद भारत ने 2024 और 2026 में दो लगातार टी20 विश्व कप जीते हैं और भारत यह कारनामा करने वाली पहली टीम बना। 2023 और 2025 में भारतीय टीम ने लगातार दो एशिया कप जीतने के साथ ही पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफ़ी भी अपने नाम किया। हालांकि इसी अवधि में भारत को 2012 के बाद पहली बार घर पर टेस्ट सीरीज़ हार झेलनी पड़ी, 2024 में उन्हें न्यूज़ीलैंड के हाथों 0-3 से हार मिली थी और 2025 में भी उन्हें दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ घर पर 0-2 से हार झेलनी पड़ी।
रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को पूर्णकालिक वनडे और टेस्ट कप्तान नियुक्त किए जाने के साथ ही टी 20 में सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान नियुक्त करने में भी अगरकर ने अहम भूमिका निभाई थी। अगरकर के पैनल ने 2027 के विश्व कप के लिए तैयारी करना शुरू कर दिया था जो कि अगले साल अक्तूबर-नवंबर में खेला जाएगा।
पैनल ने तय किया था कि जुलाई में भारत के इंग्लैंड दौरे के बाद रोहित से आगे देखा जाएगा। रोहित को इस निर्णय के बारे में सूचित भी कर दिया गया था लेकिन भारतीय सलामी बल्लेबाज़ को 27 सितंबर से शुरू हो रहे वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ घरेलू वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय दल में चुना गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में जिस चयन समिति की बैठक में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ सफ़ेद गेंद सीरीज़ और ईरानी कप के लिए दल का चयन किया गया था उसकी अध्यक्षता अगरकर ने ही की थी। हालांकि सैकिया ने शुक्रवार को अपने पत्ते नहीं खोले लेकिन बीसीसीआई यह बात जानता है कि उन्हें जल्द अगरकर पर कोई निर्णय लेना होगा और जल्द ही एक नया मुख्य चयनकर्ता नियुक्त करना होगा क्योंकि अक्टूबर के बीच में भारत को न्यूज़ीलैंड के दौरे पर जाना है।
दौरे पर भारत को पांच टी 20, पांच वनडे और दो टेस्ट खेलने हैं। इससे पहले भारत को दौरा शुरू होने से पहले दो अनौपचारिक टेस्ट भी खेलने हैं।
राज वार्ता

