एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, September 23, 2026

निशानेबाजों में महिला और पुरुष स्कीट टीम ने जीते कांस्य पदक, भाकर पदक से चूकी

निशानेबाजों में महिला और पुरुष स्कीट टीम ने जीते कांस्य पदक, भाकर पदक से चूकी

आइची-नागोया (जापान) 23 सितंबर (वार्ता) भारतीय निशानेबाजों की महिला और पुरुष स्कीट टीमों ने बुधवार को एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक जीते।

स्टार निशानेबाज मनु भाकर 10मी एयर पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं और भारतीय टीम मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गई। आज यहां हुए मुकाबले में परिनाज धालीवाल, माहेश्वरी चौहान और ओलंपियन राइजा ढिल्लों ने महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। परिनाज और ढिल्लों, दोनों ने 125 में से 111 शॉट लगाए, जबकि माहेश्वरी ने 125 में से 109 का स्कोर किया और इस तरह भारतीय तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में पोडियम पर जगह बनाई। चीन ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण तथा कजाकिस्तान ने रजत पदक जीता। वहीं पुरुष वर्ग में भवतेघ सिंह गिल, अनंतजीत सिंह नरुका और मैराज अहमद खान की तिकड़ी ने पुरुषों की स्कीट टीम स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीता है।

भारतीय टीम का स्कोर कजाकिस्तान (346 अंक) के बराबर था, लेकिन आखिरी राउंड में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर भारत ने कांस्य पदक अपने नाम किया। अनंतजीत सिंह नरुका ने 119, मैराज अहमद खान ने 116 और भवतेघ सिंह गिल ने 111 अंकों का स्कोर किया। कतर ने (353 अंक) के साथ स्वर्ण पदक और कुवैत ने (348 अंक) के साथ रजत पदक जीते। महिलाओं के 10मी एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि टीम प्रतियोगिता में भारत मामूली अंतर से पदक से चूक गया और 'इनर-10' काउंट के आधार पर चौथे स्थान पर रहा।

भाकर, जिन्होंने 579-20x के स्कोर के साथ व्यक्तिगत फ़ाइनल के लिए तीसरा स्थान हासिल किया था, ने आठ-शूटर वाले मेडल राउंड की मज़बूत शुरुआत की। उन्होंने शुरुआती सीरीज़ में 50.8 का स्कोर किया और दूसरी सीरीज़ के बाद अपना कुल स्कोर 100.3 तक पहुँचाया। इसके बाद फ़ाइनल एलिमिनेशन चरण में पहुँचा। पहले एलिमिनेशन चरण के बाद भाकर के 120.4 अंक थे और वह मेडल की दौड़ में बनी हुई थीं। इसके बाद उनका कुल स्कोर बढ़कर 140.4 और फिर 160.7 हो गया और अंत में वह 181.1 पर रहीं।

फ़ाइनल के चौथे चरण के बाद भाकर बाहर हो गईं, जब पदक के लिए चार निशानेबाज बचे थे, जिससे वह कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर रहीं। इससे पहले दिन में, भाकर ने क्वालिफ़िकेशन में 579 अंकों (जिसमें 20 इनर 10 शामिल थे) के साथ तीसरा स्थान हासिल करके व्यक्तिगत फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। महिलाओं के 10मी एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में, भारत चौथे स्थान पर रहा। वियतनाम ने भारत को पीछे छोड़ दिया, जबकि दोनों टीमों का कुल स्कोर 1719 ही था।

भाकर, ईशा सिंह और सुरुचि इंदर सिंह की भारतीय तिकड़ी ने 44 इनर 10 स्कोर किए, जबकि वियतनाम ने 46 स्कोर करके कांस्य पदक जीता। चीन ने 1735 अंकों के साथ टीम स्वर्ण पदक, जबकि दक्षिण कोरिया ने 1730 अंकों के साथ रजत पदक जीता। ईशा व्यक्तिगत क्वालिफ़िकेशन में 572-12x के साथ 15वें स्थान पर रहीं, जबकि सुरुचि 568-12x के साथ 26वें स्थान पर रहीं और व्यक्तिगत फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई नहीं कर सकीं।

खास बात यह है कि मनु, ईशा और सुरुचि के लिए कामयाबी की तलाश अभी खत्म नहीं हुई है। मनु और ईशा महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में वापसी करेंगी, जबकि सुरुचि 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में हिस्सा लेंगी।

राम वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
554
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
एशियाई खेल दूसरी लीड निशानेबाजी
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
23/09/26 07:02
पिछला अपडेट
23/09/26 07:02
स्थान
India