भुवनेश्वर की वापसी से प्रेरणा मिलेगी : कपिल

ग्रेटर नोयडा, 07 अक्टूबर (वार्ता) पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टी 20 टीम में वापसी का स्वागत करते हुए बुधवार को कहा कि उनकी वापसी से अन्य खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी कि मेहनत और फिटनेस से किसी भी खेल में वापसी की जा सकती है।
तेज़ गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार की लगभग चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी हो गई है। न्यूज़ीलैंड दौरे पर होने वाली टी 20 सीरीज़ के लिए भारतीय टीम घोषित हुई है जिसमें 36 साल के भुवनेश्वर का नाम भी शामिल है। भुवनेश्वर ने नवंबर 2022 में आख़िरी बार चार साल पहले न्यूज़ीलैंड के ही ख़िलाफ़ न्यूज़ीलैंड में टी20 मैच खेला था। ये ही उनका भारत के लिए आख़िरी मैच भी था। भारतीय टीम से बाहर होने के बावजूद भुवनेश्वर लगातार घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में हिस्सा लेते रहे। पिछले दो सीज़न से आईपीएल में उनका प्रदर्शन भी काफ़ी अच्छा रहा है। हाल ही में खेली गई यूपी टी20 लीग में भुवनेश्वर ने 11 पारियों में सिर्फ़ 6.11 की इकॉनमी और 16.00 की औसत से 14 विकेट लिए थे।
कपिल ने जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिज़ॉर्ट में 'कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप' के पहले दिन आज कहा,''भुवी ने भारतीय टीम से बाहर होने के बाद बहुत मेहनत की, अपनी फिटनेस पर काम किया, लगातार गेंदबाजी करते रहे जिसकी बदौलत उन्होंने वापसी की। उनकी वापसी से बाकी खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि यदि जज्बा हो तो वापसी की जा सकती है।'' कपिल ने भारत के न्यूज़ीलैंड दौरे के लिए कुछ कहने से इंकार कर दिया लेकिन भारतीय टीम को अच्छे प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के प्रेसिडेंट कपिल देव ने एशियाई खेलों में गोल्फ में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रणवी उर्स की जमकर तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने साबित किया कि यदि किसी खेल को पूरा प्रोत्साहन मिले तो कोई भी कामयाबी हासिल की जा सकती है। उनके स्वर्ण से गोल्फ को भारत में निश्चित रूप से प्रोत्साहन मिलेगा।
राज वार्ता

