एलपीयू ने परिसर में स्थिति सामान्य होने का दावा किया, अपुष्ट सोशल मीडिया सामग्री से बचने की अपील

फगवाड़ा, 28 सितंबर (वार्ता) लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) ने सोमवार को कहा कि परिसर में स्थिति सामान्य है और शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियां बहाल हो गयी हैं।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की। विश्वविद्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार, स्थिति सामान्य होने के बाद प्रशासन, नागरिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा छात्र प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त बैठक हुई।
बैठक में शामिल विद्यार्थियों ने कथित तौर पर कहा कि परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश के बाद स्थिति बिगड़ी। विश्वविद्यालय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। एलपीयू ने कहा कि 25 वर्षों से अधिक समय से विद्यार्थियों का कल्याण और उनका भविष्य उसकी प्राथमिकता रहा है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा करीब 50 देशों के विद्यार्थी पढ़ते हैं और उनकी सुरक्षा तथा गरिमा सुनिश्चित करना उसकी प्रमुख जिम्मेदारी है।
विश्वविद्यालय ने सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की समीक्षा का हवाला देते हुए कहा कि कई दावे गलत और निराधार हैं। उसने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपुष्ट वीडियो, सूचनाओं या दावों को साझा नहीं करने की अपील की। एलपीयू ने कहा कि हालिया घटनाक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं का भी संज्ञान लिया गया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर तनावपूर्ण स्थिति का फायदा उठाने का प्रयास किया।
उसने कहा कि जिम्मेदार पाये जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कुलपति डॉ जसपाल सिंह संधू ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के कल्याण और उनके भविष्य के प्रति प्रतिबद्ध है तथा परिसर में सामान्य स्थिति बहाल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। विश्वविद्यालय ने मीडिया संस्थानों से भी छात्र सुरक्षा से जुड़े मामलों में अपुष्ट सामग्री के प्रसारण से पहले स्वतंत्र रूप से सत्यापन करने की अपील की।
ठाकुर.श्रवण वार्ता

