ताकाइची ने क्षेत्रीय सुरक्षा, एआई पर ट्रंप के साथ की बैठक

न्यूयॉर्क, 23 सितंबर (वार्ता) जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अपने पहले दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं।
इन बैठकों में चीन और उत्तर कोरिया से जुड़े मुद्दों, यूक्रेन के लिए समर्थन और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार पर चर्चा हुई। सुश्री ताकाइची ने महासभा से इतर श्री ट्रंप से मुलाकात की। उन्होंने बातचीत को 'बहुत खुली और सौहार्दपूर्ण' बताया और कहा कि दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर व्यापक तथा ठोस चर्चा हुई। जून में फ्रांस के एवियां में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के बाद दोनों नेताओं की यह चौथी मुलाकात थी। दोनों नेताओं ने प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। सुश्री ताकाइची ने कहा कि दोनों पक्षों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सेमीकंडक्टर समेत विभिन्न क्षेत्रों में 'तकनीकी प्रतिस्पर्धा जीतने' के प्रयासों की पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय शुल्क समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को भी दोहराया। सुश्री ताकाइची ने कहा कि उन्होंने उत्तर कोरिया द्वारा जापानी नागरिकों के अपहरण के लंबे समय से लंबित मुद्दे को भी श्री ट्रंप के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले के समाधान के लिए 'व्यक्तिगत रूप से प्रतिबद्ध' हैं और इस मुद्दे पर उन्हें श्री ट्रंप का 'पूर्ण समर्थन' मिला है। यूक्रेन के मुद्दे पर सुश्री ताकाइची ने श्री जेलेंस्की से मुलाकात की। जून में एवियां में हुई बातचीत के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने यूक्रेनवासियों द्वारा 'अपनी मातृभूमि की शांति के लिए खड़े होने' के प्रति सम्मान व्यक्त किया और यूक्रेन को लेकर जापान के 'अडिग' रुख को दोहराया। सुश्री ताकाइची ने कहा कि जापान अपने सहयोगी देशों के साथ समन्वय करते हुए यूक्रेन को समर्थन और रूस के खिलाफ प्रतिबंध जारी रखेगा।
श्री जेलेंस्की ने जापान के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और यूक्रेन की मौजूदा पहलों के बारे में उन्हें जानकारी दी। सुश्री ताकाइची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस से भी मुलाकात की और सुरक्षा परिषद में सुधार के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उन्होंने श्री गुटेरेस से कहा कि संयुक्त राष्ट्र को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुरक्षा परिषद में स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार की सीटों का विस्तार 'अनिवार्य' है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न पदों पर जापानी नागरिकों की अधिक नियुक्ति की मांग भी दोहराई।
व्हाइट हाउस ने भी श्री ट्रंप और सुश्री ताकाइची की मुलाकात की पुष्टि की और सोशल मीडिया पर इसे अमेरिका-जापान के 'मजबूत गठबंधन को आगे बढ़ाने' वाली बैठक बताया। सुश्री ताकाइची की इन बैठकों में अमेरिका के साथ सुरक्षा और आर्थिक सहयोग, यूक्रेन के लिए निरंतर समर्थन तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए जापान के प्रयास प्रमुखता से सामने आये।
शादाब.श्रवण वार्ता

