नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल की भारतीय निर्वाचन आयोग के देश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में की गई टिप्पणी को अनुचित बताते हुए देश की चुनावी प्रक्रिया में दखल करार दिया है।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि यह दूसरे लोकतांत्रिक देश की चुनावी प्रक्रिया में दखल देने के समान है।
प्रवक्ता ने कहा," हम इन टिप्पणियों को अनुचित और बिना पूरी जानकारी के की गई मानते हैं। ये दूसरे लोकतांत्रिक देश की चुनावी प्रक्रियाओं में दखल देने के बराबर हैं। ऐसा रवैया खुद लोकतंत्र को कमजोर करता है।" उल्लेखनीय है कि सुश्री जयपाल ने एसआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बड़ी संख्या में लोगों के मतदाता सूची से नाम काटा जाना चिंता का विषय है।
इससे पहले अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा ने भी अमेरिकी सांसद की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए कहा था कि इस तरह की टिप्पणी पूरी तरह से अस्वीकार्य तथा भारत के आंतरिक मामलों में दखल करार दिया था।
संजीव, मधुकांत वार्ता