एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, October 14, 2026

अपहरण का सिग्नल मिलने के बाद एयर इंडिया के विमान की जयपुर में आपात लैंडिंग

अपहरण का सिग्नल मिलने के बाद एयर इंडिया के विमान की जयपुर में आपात लैंडिंग

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एक विमान की बुधवार सुबह "सुरक्षा कारणों से" जयपुर में आपात लैंडिंग कराई गई।

सूत्रों के मुताबिक, अहमदाबाद एटीसी ने बताया कि उसे विमान से अपहरण सिग्नल मिला था। इसके बाद उसे जयपुर डायवर्ट करने का निर्देश दिया गया। यह बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान था जिसकी क्षमता तकरीबन 300 यात्रियों की है। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि विमान की जयपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। सुरक्षा जांच के बाद विमान को उड़ान भरने के लिए मंजूरी मिल गई है। बाद में दोपहर बाद 3.12 बजे विमान की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग हुई।

विमान का दिल्ली पहुंचने का समय सुबह 10.40 बजे था। इससे पहले प्रवक्ता ने जारी बयान में कहा था, "एयर इंडिया की फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही उड़ान एआई2030 को सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण 14 अक्टूबर को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान जयपुर में सुरक्षित उतरा। संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने जरूरी जांच-पड़ताल की और विमान तथा चालक दल के सदस्यों को आगे की यात्रा के लिए अनुमति दे दी है।" प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया, उनकी सुरक्षा जांच की गई और वे वापस विमान में सवार हो गए।

उन्होंने एयर इंडिया के लिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। सूत्रों ने बताया कि अहमदाबाद एटीसी को विमान से 'स्वॉक 7500' कोड मिला था, जो बिना मुख्य संचार का इस्तेमाल किए बिना एटीसी को अपहरण की स्थिति के लिए अलर्ट कर देता है। इसके बाद एटीसी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करता है। सूत्रों के अनुसार, पूरी सुरक्षा तैयारियों के बीच विमान सुबह करीब 9.30 बजे जयपुर हवाई अड्डे पर उतरा। उन्होंने बताया कि लैंडिंग के बाद विमान को टर्मिनल से दूर एक अलग इलाके में खड़ा किया गया जहां सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी जांच की। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ देर तक पायलट कॉकपिट का दरवाजा नहीं खोल सका, हालांकि बाद में दरवाजा खुलने पर सब कुछ सामान्य पाया गया। पायलट और चालक दल के दूसरे सदस्यों से भी पूछताछ की गई। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो की टीम भी जांच में शामिल थी।

अजीत जोरा जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
372
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
एयर इंडिया लीड आपात लैंडिंग
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
14/10/26 12:13
पिछला अपडेट
14/10/26 12:13
स्थान
India