एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, September 23, 2026

केजरीवाल ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की

केजरीवाल ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले कुछ वर्षों में हुए चुनावों को रद्द कर दोबारा मतदान कराने की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की भी मांग की।

श्री केजरीवाल ने बुधवार को यह मांग एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए संवाददाता सम्मेलन में की। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट से यह सामने आया है कि चुनाव आयोग को ज्ञानेश कुमार कथित तौर पर अकेले चला रहे थे, जबकि आयोग में तीन चुनाव आयुक्त होते हैं और सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति या बहुमत के आधार पर होने चाहिए।

श्री केजरीवाल के अनुसार, रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार कुछ फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज की। आप संयोजक ने दावा किया कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने मतदाताओं को जोड़ने और नाम हटाने जैसे महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी नहीं दिए जाने पर लिखित शिकायतें भी की थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की बैठकों में कई-कई महीनों तक चर्चा नहीं हुई और इसके बावजूद लगातार आदेश जारी किए गए।

श्री केजरीवाल ने कहा कि हाल में हुए चुनावों को रद्द कर दोबारा मतदान कराया जाना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के जरिए देश में 13 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं और यह प्रक्रिया गैर-कानूनी है। उन्होंने एसआईआर को पूरी तरह रद्द करने की मांग की। श्री केजरीवाल ने चुनावों में कथित 'वोटों की चोरी' का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार को इसके लिए जिम्मेदार बताया और उनकी गिरफ्तारी तथा मुकदमा चलाने की मांग की।

आजाद उप्रेती वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
314
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
केजरीवाल ज्ञानेश गिरफ्तारी मांग
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
23/09/26 08:48
पिछला अपडेट
23/09/26 08:48
स्थान
India