नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री के समाधि स्थल विजय घाट जाकर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया ''एक्स'' पर श्री शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री का जीवन भारत के लिए समर्पण की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने कहा कि भूमि सुधारों से लेकर हरित एवं दुग्ध क्रांति की नींव मजबूत करने, रेलवे में तीसरी श्रेणी समाप्त करने, बसों में महिलाओं के लिए सीटों की व्यवस्था करने और 1965 के युद्ध में देश को दृढ़ नेतृत्व देने तक राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
श्री खरगे ने कहा कि गांधीवादी मूल्यों और उच्च विचारों से परिपूर्ण श्री शास्त्री का सरल जीवन सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने ''जय जवान, जय किसान'' का संदेश भी दोहराया।
अभिनव , जांगिड़ वार्ता