नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर शुक्रवार को उनके समाधि स्थल राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर महात्मा गांधी को नमन करते हुए उनका एक उद्धरण साझा किया ''पहले वो आप पर ध्यान नहीं देंगे, फिर वो आप पर हँसेंगे, फिर वो आप से लड़ेंगे और तब आप जीत जायेंगे।'' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के विरुद्ध सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाने वाले महात्मा गांधी ने न केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया।
श्री खरगे ने कहा कि आज जब राष्ट्रपिता के विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने गांधी जयंती पर बापू को विनम्र नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
अभिनव , जांगिड़ वार्ता