नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (वार्ता) मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के निकट अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
श्री खरगे ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने राज्य सरकार से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, मृतकों के परिजनों को उचित सहायता राशि देने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ऐसे हादसे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, श्री गांधी ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ हैं।उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
रवि उप्रेती वार्ता