एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, October 29, 2026

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के मद्देनजर 30 अक्टूबर को देर रात तक चलेगी दिल्ली मेट्रो

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के मद्देनजर 30 अक्टूबर को देर रात तक चलेगी दिल्ली मेट्रो

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर 2026 को प्रसिद्ध कलाकार दिलजीत दोसांझ के "ऑरा इंडिया टूर 2026" कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने विशेष परिचालन व्यवस्था की है।

इसके तहत एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो (गुरुग्राम) को छोड़कर अन्य सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सामान्य समय से आगे तक बढ़ाई जाएंगी। डीएमआरसी ने कॉन्सर्ट वाले दिन यानी 30 अक्टूबर को रात 12:00 बजे (मध्यरात्रि) तक सभी लाइनों (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर) पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं संचालित करने की योजना बनाई है।

कार्यक्रम के समापन के बाद दर्शकों की सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित करने के लिए पूरे नेटवर्क में अतिरिक्त ट्रेनों के फेरे लगाए जाएंगे। यात्रियों की अचानक बढ़ने वाली भीड़ से निपटने के लिए स्टैंडबाय ट्रेनों को भी तैयार रखा जाएगा। इसके अलावा, विस्तारित सेवा समय के कारण डीएमआरसी मोबाइल ऐप ('दिल्ली मेट्रो सारथी') पर क्यूआर टिकट खरीदने का समय भी एक घंटे बढ़ा दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस कॉन्सर्ट में लगभग 70,000 दर्शकों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें से बड़ी संख्या में लोगों द्वारा मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने की उम्मीद है।

शोभित जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
204
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
दिल्ली मेट्रो कंसर्ट फेरे
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
29/10/26 13:19
पिछला अपडेट
29/10/26 13:19
स्थान
India