एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Saturday, September 19, 2026

नवीन ने डूसू चुनाव में विद्यार्थी परिषद की जीत को सकारात्मक राजनीति की विजय बताया

नवीन ने डूसू चुनाव में विद्यार्थी परिषद की जीत को सकारात्मक राजनीति की विजय बताया

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में विजय हासिल करने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रत्याशियों को बधाई दी है और कहा है कि यह जीत सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास को दर्शाती है, जो 'राष्ट्र प्रथम' की भावना में निहित है।

श्री नवीन ने अभाविप के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के अपने सभी युवा साथियों को डूसू चुनाव में अभाविप की ऐतिहासिक जीत पर बधाई! यह जीत सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास को दर्शाती है, जो 'राष्ट्र प्रथम' की भावना में निहित है। साथ ही, यह 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण में योगदान देने के उनके मजबूत संकल्प को भी दर्शाती है।

उन्होंने कहा, "विजयी उम्मीदवारों और इस जीत को संभव बनाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।" श्री मल्होत्रा ने कहा, "मैं डूसू चुनाव में अभाविप के विजयी तीनों उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह जीत राष्ट्रवादी विचारधारा और 2047 तक 'विकसित भारत' के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की जीत है।

आज देश और दिल्ली के युवाओं ने 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' की नकारात्मक राजनीति को खारिज कर दिया है। उन्होंने इसी तरह की राजनीति को छात्रावासों तक ले जाने का प्रयास किया था। इसके परिणामस्वरूप एनएसयूआई एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी।" उन्होंने कहा कि दिल्ली के छात्रों ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रवाद और श्री मोदी की ऐसी नीतियों के साथ हैं, जिनका उद्देश्य युवा और विकसित भारत का निर्माण करना है।

दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई अन्य नेताओं ने भी अभाविप के विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दी हैं।

संतोष.श्रवण वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
302
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
नवीन डूसू चुनाव नतीजे
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
19/09/26 13:13
पिछला अपडेट
19/09/26 13:13
स्थान
India