एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, October 8, 2026

नाना पाटेकर के निधन पर प्रमुख हस्तियों ने जताया शोक,अर्पित की श्रद्धांजलि

नाना पाटेकर के निधन पर प्रमुख हस्तियों ने जताया शोक,अर्पित की श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के आकस्मिक निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्रीमती मुर्मु ने श्री पाटेकर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अपने सशक्त और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से उन्होंने मानवीय अनुभवों के विविध आयामों को जीवंत किया और ऐसे पात्रों को पर्दे पर उतारा, जिन्होंने लोगों के दिलों-दिमाग पर अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के प्रति श्री पाटेकर की प्रतिबद्धता वंचितों के प्रति उनकी चिंता को दर्शाती है। उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री मोदी ने कहा कि नाना पाटेकर देश की आन, बान और शान के लिए जीने वाले कलाकार थे।

उन्होंने कहा कि श्री पाटेकर ने अलग-अलग किरदारों के माध्यम से दर्शकों का दिल जीता और अपनी फिल्मों के जरिए समाज में व्याप्त अव्यवस्था पर करारा प्रहार किया। श्री मोदी ने उनकी तेज वाणी और प्रभावशाली खामोशी का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों तथा चाहने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

डॉ भागवत ने कहा कि अभिनेता के रूप में नाना पाटेकर ने अपनी अलग पहचान बनाई। अपने लंबे कलात्मक जीवन में उन्होंने अभिनय में उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण अनेक विषयों पर लोगों को सकारात्मक चर्चा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने श्री पाटेकर के शोक संतप्त परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भी उनके निधन पर शोक जताया। श्री गांधी ने नाना पाटेकर के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि अपने अभिनय और किरदारों के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा और दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों, मित्रों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

श्रीमती वाड्रा ने भी अभिनेता के आकस्मिक निधन पर दुख जताया और कहा कि उनकी दमदार अदाकारी तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता लोगों की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेगी। श्री बिरला ने कहा कि नाना पाटेकर का सशक्त अभिनय और सिनेमा में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दमदार आवाज, संवाद अदायगी और चेहरे के भाव से श्री पाटेकर हर भूमिका में जान डाल देते थे। उनका निधन सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना पाटेकर के निधन को बड़ा सदमा बताते हुए उन्हें अपना करीबी मित्र और नेक इंसान बताया। उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा में श्री पाटेकर के योगदान के साथ-साथ किसानों के लिए 'नाम फाउंडेशन' के जरिए किए गए उनके सामाजिक कार्यों को याद किया। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने नाना पाटेकर के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि श्री पाटेकर ने पांच दशक से अधिक समय तक मराठी और हिंदी सिनेमा के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज किया।

श्री गडकरी ने 'नाम फाउंडेशन' के जरिए ग्रामीण महाराष्ट्र में जल संरक्षण और किसानों के लिए किए गए उनके कार्यों को भी याद किया। फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों ने भी नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सुपरस्टार रजनीकांत ने उन्हें अपना प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि वह अब उनके बीच नहीं हैं। फिल्मकार सुभाष घई ने उन्हें पर्दे का वास्तविक 'नटसम्राट' बताते हुए उनके व्यक्तित्व और मित्रता को याद किया। अक्षय कुमार ने नाना पाटेकर की आवाज, अभिनय और किरदारों में दिखाई देने वाली सच्चाई को याद किया।

सनी देओल ने उन्हें निडर और जिंदगी से भरपूर इंसान बताया। रितेश देशमुख ने उन्हें बेजोड़ अभिनेता बताते हुए उनके सामाजिक कार्यों को याद किया। फिल्म अभिनेता प्रकाश राज ने उनके साथ बिताए समय, बातचीत और बहसों को याद किया, जबकि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने उन्हें मराठी रंगमंच का महान स्तंभ, दिग्गज कलाकार और शानदार इंसान बताया। अभिनेता अनुपम खेर ने उनकी बेबाकी और गर्मजोशी को याद किया। सुनील शेट्टी ने कहा कि नाना जैसे ईमानदार और अपने हुनर के उस्ताद कलाकार दोबारा मिलना मुश्किल है।

अभिनेत्री रवीना टंडन ने कहा कि नाना पाटेकर के साथ उनका रिश्ता आपसी सम्मान, प्रेम और स्नेह पर आधारित था। जूनियर एनटीआर ने उन्हें भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों में शामिल बताते हुए कहा कि उनके हर किरदार में ईमानदारी और गहराई दिखाई देती थी। फिल्मी जगत से जुड़े प्रभुदेवा, पंकज त्रिपाठी, रवि किशन, कंगना रनौत, शेखर सुमन और अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी प्रख्यात अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। पंकज त्रिपाठी ने उन्हें गुरु जैसा बताया और कहा कि उनसे उन्होंने अभिनय और जीवन से जुड़ी कई बातें सीखीं। रवि किशन ने उन्हें सरल और जमीन से जुड़ा कलाकार बताया, जबकि शेखर सुमन ने उनके साथ हाल में हुई बातचीत और उनके अधूरे रह गए वादे को याद किया।

प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके समाज और फिल्म उद्योग के लिए किये गये कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनका श्री पाटेकर के साथ गहरा और भावनात्मक संबंध रहा है। उनके निधन से समाज और फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति हुई है।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की घोषणा की है। उनका अंतिम संस्कार पुणे के पास डोंजे गांव स्थित उनके फार्महाउस 'नानाची वाडी' में किए जाने की तैयारियां चल रही हैं। उम्मीद है कि उनका पार्थिव शरीर गोवा से पुणे लाया जाएगा और अंतिम संस्कार से पहले लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। नाना पाटेकर का गुरुवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

करीब पांच दशक के करियर में उन्होंने मराठी थिएटर और हिंदी तथा मराठी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। 'परिंदा', 'क्रांतिवीर' और 'अग्नि साक्षी' के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले थे। कला के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें 2013 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

शादाब.श्रवण वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
988
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
नाना पाटेकर लीड शोक (एचडीआई 26 का स्लग ठीक करते हुए)
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
08/10/26 12:29
पिछला अपडेट
08/10/26 12:29
स्थान
India