एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Sunday, September 27, 2026

बापू के प्रति स्वच्छता सबसे सुंदर श्रद्धांजलि: मोदी

बापू के प्रति स्वच्छता सबसे सुंदर श्रद्धांजलि: मोदी

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति स्वच्छता को सबसे सुंदर श्रद्धांजलि बताते हुए इस दिशा में आम लोगों द्वारा किए गए कुछ अद्भुत प्रयासों की तारीफ की है।

श्री मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में कहा, "बापू ने हमें जीवन के बहुत से मंत्र दिए हैं। स्वच्छता भी उनमें से एक है। हम अक्सर अपने आसपास स्वच्छता से जुड़े अनेक प्रयासों को देखते हैं। ये प्रयास बहुत प्रेरक और उत्साह बढ़ाने वाले हैं।" उल्लेखनीय है कि आगामी 02 अक्टूबर को गांधी जयंती है जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन पर मनायी जाती है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर आ रहे ऐसे प्रयासों के वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा, "हाल के दिनों में मैंने ऐसे कई प्रयास देखे हैं। इन सभी प्रयासों में एक बात बहुत सहजता से दिखाई देती है। कहीं शुरुआत एक व्यक्ति ने की, फिर उसके साथ कुछ और लोग आ गए, कारवां बढ़ता गया - यही तो जनभागीदारी है।

बापू के प्रति हमारी सबसे सुंदर श्रद्धांजलि भी स्वच्छता ही है।" उन्होंने मध्य प्रदेश में कुछ नौजवानों द्वारा नदी की सफाई के काम का जिक्र किया। आंध्र प्रदेश में युवाओं द्वारा पुरानी बावड़ियों और कुओं की सफाई, मुंबई में समुद्र तटों को साफ रखने की पहल युवाओं की पहल और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बच्चों और युवाओं द्वारा लोगों को कचरा अलग-अलग रखने और अपने आसपास सफाई रखने के लिए जागरूक करने के प्रयासों को अपने कार्यक्रम के माध्यम से बताया।

उन्होंने पश्चिम बंगाल में युवा छात्रों और स्थानीय लोगों द्वारा मिलकर पिकनिक स्थलों पर बाजारों की सफाई का भी उल्लेख किया।

अजीत जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
271
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
मन की बात मोदी स्वच्छता
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
27/09/26 07:22
पिछला अपडेट
27/09/26 07:22
स्थान
India