नयी दिल्ली, 04 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि यह अब सालाना त्रासदी बन चुकी है और इसके स्थायी समाधान की दिशा में जरूरी उपाय करने अब आवश्यक हो गए हैं।
श्री गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि बिहार में बाढ़ फिर कहर बनकर टूटी है और लाखों लोग प्रभावित हैं तथा सैकड़ों गांव डूबे हुए हैं। कई लोगों की मौत हो गयी और कई के लापता होने की खबर है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि बिहार में यह संकट नया नहीं है। हर साल बाढ़ आती है, मौतें होती हैं, परिवार उजड़ते हैं और लोग पलायन करते हैं। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार से पूछा कि पिछले 17 वर्षों में इस सालाना त्रासदी से निपटने के लिए क्या किया गया और जमीन पर क्या बदला है।
श्री गांधी ने कहा कि बिहार के लोगों को हर साल राहत और आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।
अभिनव उप्रेती वार्ता