एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। 12/09/26 09:51

ब्रिक्स मीडिया किट में भी दिखी भारतीयता की झलक

डाउनलोड
इस समाचार कहानी की विशेष छवि

नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को शुरू हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विदेश मंत्रालय की ओर से देश-विदेश के पत्रकारों को दिए गए मीडिया किट में घरेलू उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'वोकल फॉर लोकल' से 'लोकल टू ग्लोबल' की अपील की बानगी दिखी।

इस किट में पांच पंखुडी वाले कमल पुष्प के नीचे ब्रिक्स इंडिया 2026 की छाप वाले पिठ्ठू बैग के अंदर ओडिशा के कोरापुट की शत-प्रतिशत अरैबिका कॉफी की भीनी सुगंध है। एक सुंदर सीलन रोधी कागज के पैकेट में बंद फिल्टर कॉफी को बनाने और पीने के लिए सुंदर और उच्च गुणवत्ता वाला एक जालीदार फ्लास्क और शानदार मग है जो 'मेक इन इंडिया' की आकर्षक छाप छोडते हैं।

बैग के अंदर सुपर फूड कहे जाने वाले सत्तू का एक पैकेट भी है जो पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के परंपरागत आहर का हिस्सा है और जिसे प्रायः जौ, चना, मटर जैसे सात प्रकार के आनाज से बनाया जाता है। किट में सूती कपड़े से बनी रंग-बिरंगी चुनरी और कपड़े का एक थैला भी है। गौरतलब है कि श्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में पिछले साल कोरापुट की काफी का विशेष रूप से उल्लेख किया था।

उन्होंने इसे "ओडिशा की शान" बताया था और कहा था कि इसकी सुगंध बेजोड़ है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि इसका कारोबार बढ़ने पर कोरापुट के पहाड़ी क्षेत्र के कॉफी किसानों और महिलाओं को फायदा होगा। राजधानी के भारत मंडपम् में भारत की अध्यक्षता में हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के अलावा इंडोनेशिया, ईरान, मिश्र, संयुक्त अरब अमीरात, इथियोपिया और सउदी अरब भी शामिल हैं।

मीडिया कक्ष के सामने सभी सदस्य देशों के ध्वज लगाए गए हैं, जहां देश-विदेश के मीडियाकर्मी इस सम्मेलन के साथ अपनी यादों को सदाबहार बनाने के लिए सेल्फी ले रहे हैं और तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। मीडिया कक्ष में सुबह नास्ते पर बेकरी में बनी चीजों के साथ पोहा मुख्य व्यंजन था। कक्ष में स्तंभों पर लगे डिजिटल पर्दों पर ब्रिक्स के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मुलाकातों के वीडिया के साथ भारत के प्रसिद्ध मंदिरों, बौद्ध स्थलों के चित्र और देश के विकास के झांकी भी दिखाई जा रही थी।

मनोहर अजीत उप्रेती वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
374
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
ब्रिक्स मीडिया किट
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
12/09/26 07:46
पिछला अपडेट
12/09/26 07:46
स्थान
India