नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) भारत ने समुद्र में भारतीय नौसेना की एक यूनिट से टक्कर की घटना को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान के यहां स्थित उच्चायोग के प्रभारी को तलब कर पाकिस्तानी नौसैनिक यूनिट के आचरण को अस्वीकार्य तथा गैर-पेशेवर बताया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में हुई थी और इसमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। भारत ने कहा है कि पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का आचरण अप्रैल 1991 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना से जुड़े समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है।
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक को तलब कर कहा कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाएं कि सभी सैन्य इकाइयां समुद्र में उचित सावधानी बरतें और दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौतों का सम्मान करें, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस मामले में इस्लामाबाद स्थित उच्चायोग में भारत के प्रभारी राजनयिक को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। संजीव उप्रेती वार्ता