नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) भारत-नेपाल के अधिकारियों ने व्यापार, पारगमन और अनधिकृत व्यापार को रोकने के लिए सहयोग पर नए दौर की बातचीत की है।
इस मुद्दे पर द्विपक्षी अंतर-सरकारी उप-समिति के की बैठक इसी सप्ताह 16-17 सितंबर को राजधानी में वाणिज्य भवन में आयोजित की गयी। वाणिज्य मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव उज्ज्वल कुमार घोष ने किया, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल सरकार के उद्योग, वाणिज्य और आपूर्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव बुद्ध बहादुर गुरुंग ने किया।
इसमें दोनों पक्षों के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। यह उप-समिति व्यापार और व्यापार से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा करने तथा द्विपक्षीय व्यापार और पारगमन को सुविधाजनक बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र है।
विज्ञप्ति के अनुसार बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने बाजार तक पहुंच, सीमा शुल्क और व्यापार सुगमता, मानकों, खाद्य सुरक्षा, फाइटोसेनेटरी उपायों, फार्मास्यूटिकल्स, चिकित्सा उपकरणों, आयुष उत्पादों, सीमा पर अवसंंरचना, रेल और सड़क संपर्क तथा व्यापार से जुड़े अन्य मामलों से संबंधित कई मुद्दों की समीक्षा की।
मनोहर.अभय वार्ता