एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Tuesday, September 22, 2026

सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान के बयान पर भारत का करारा जवाब, कहा झूठ फैलाना पाकिस्तान की पुरानी आदत

सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान के बयान पर भारत का करारा जवाब, कहा झूठ फैलाना पाकिस्तान की पुरानी आदत

नयी दिल्ली, 22 सितम्बर (वार्ता) भारत ने सिंधु जल संधि के बारे में तथाकथित मध्यस्थता अदालत के फैसले को लेकर पाकिस्तान के बयानों को दुर्भावनापूर्ण प्रचार और वास्तविकता को तोड़ मरोड़कर पेश करने की कोशिश करार दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि दुर्भावनापूर्ण प्रचार के लिए तथ्यों को गलत तरीके से पेश करना और झूठ फैलाना पाकिस्तान की आदत है। प्रवक्ता ने कहा, " पाकिस्तान को अपने दुर्भावनापूर्ण प्रचार के लिए तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और झूठी बातें फैलाने की आदत है।

सबसे पहले, जिसे पाकिस्तान के मंत्री बढ़ा-चढ़ाकर स्थायी मध्यस्थता अदालत का फैसला बता रहे हैं, वह वास्तव में उस अदालत का फैसला नहीं है बल्कि अवैध तरीके से गठित अदालत का है। " उन्होंने कहा कि भारत इसे वास्तविकता को तोड़-मरोड़कर पेश करने की पाकिस्तान की एक और कोशिश के तौर पर देखता है।उन्होंने कहा," इस मुद्दे पर हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है और हम इसे कई बार दोहरा चुके हैं।" उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने इस तथाकथित अदालत के फैसले के बारे में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर जानकारी दी है। भारत इस अदालत के गठन को अवैध बताते हुए इसके फैसले को पहले ही खारिज कर चुका है।

भारत का कहना है कि यह संधि स्थगित है। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर के आतंकवाद से निपटने संबंधी बयान के बारे में पूछे जाने पर श्री जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद पर केवल कथनी के बजाय ठोस कार्रवाई भी करनी चाहिए। अफगानिस्तान के कुनार और पकतिका प्रांतों में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि इन हमलों में कई निर्दोष नागरिक मारे गये हैं। एक संप्रभु पड़ोसी देश के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान की प्रादेशिक अखंडता और संप्रभुता के प्रति एकजुटता व्यक्त करता है।

संजीव जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
332
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
भारत पाकिस्तान झूठ
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
22/09/26 14:36
पिछला अपडेट
22/09/26 14:36
स्थान
India