मतदाताओं के नाम अवैध तरीके से काटकर लोकतंत्र नष्ट कर रहे ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा : राहुल

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची से अवैध तरीके से मतदाताओं के नाम काटकर लोकतंत्र को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें अब हर हाल में पद से हटना ही होगा।
श्री गांधी ने शनिवार को यहां कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित मॉक संसद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम में कहा कि श्री कुमार अब अपने पद पर बने नहीं रह सकेंगे, क्योंकि विपक्ष के पास उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भारतीय जनता पार्टी इन सबूतों को सामने लाये जाने के बाद भी श्री कुमार को पद पर बनाये रखने पर अड़ी रहती है तो उसकी मंशा देश के सामने स्पष्ट हो जाएगी और इसका खामियाजा उसको भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गये हैं और यह देश के कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ है कि हर सात भारतीयों में से एक का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है। श्री गांधी ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में इन मतदाताओं ने मतदान किया था जबकि विपक्ष और चुनाव जीतने वालों के बीच मतों का अंतर महज तीन प्रतिशत था।
श्री गांधी ने कहा कि यदि चुनाव आयोग अब यह कह रहा है कि जिन मतदाताओं के नाम काटे गये हैं उन्हें मतदान नहीं करना चाहिए था तो इसका मतलब है कि आयोग खुद 2024 के लोकसभा चुनाव की वैधता पर सवाल खड़े कर रहा है और इस तरह से 2024 के आम चुनाव अवैध थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आधार पर लोकसभा में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य भी अवैध तरीके से सदन में पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी हुई है और पिछले लोकसभा चुनाव में भी ऐसा हुआ था। श्री गांधी ने आरोप लगाया कि आम लोगों की आवाज दबाई जा रही है तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संस्था को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए था लेकिन उसी का दुरुपयोग किया जा रहा है और साजिश के तहत उसी से वोट चोरी करवाई जा रही है। श्री गांधी ने दोहराया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के पास पर्याप्त सबूत हैं और उन्हें पद पर बने रहने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सबूत सामने आने के बावजूद श्री कुमार को पद पर बनाये रखती है तो उसकी भूमिका और मंशा पूरे देश के सामने उजागर हो जाएगी।
अभिनव, मधुकांत वार्ता

