नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में 17 वर्षीय बच्ची के साथ क्रूरता के बाद उसकी हत्या तथा एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर महिला सुरक्षा को लेकर समाज और सरकार दोनों को विफल करार दिया है।
श्रीमती वाड्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि देश में महिला सुरक्षा के लिए कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और महिलाओं के विकास की सिर्फ खोखली बातें की जाती हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों महिलाओं पर अत्याचार और हिंसा होती है और अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की उम्मीद नहीं है।
उनका कहना था कि इन मामलों में प्राथमिकी तक दर्ज नहीं होती है। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार दोनों महिलाओं को सुरक्षा, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार देने में पूरी तरह विफल हैं।
अभिनव.अभय वार्ता