नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि उन्हें घर में बंद कर रखना समाधान नहीं है बल्कि सड़कों को सुरक्षित बनाने और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को सजा देने की जरूरत है।
श्री गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि देशभर में महिलाएं सड़कों पर चलने के दौरान उत्पीड़न और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भयभीत हैं और सरकार का जवाब है कि उन्हें घर में रखना है।
उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था पीड़ित को दोषी ठहराती है और अपराधी को बचाती है। उन्होंने कहा कि समाधान महिलाओं को घर के अंदर रखना नहीं, बल्कि सड़कों को सुरक्षित बनाना, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली पुरुष मानसिकता का सामना करना और हमला करने वालों को तेजी से तथा बिना किसी अपवाद के सजा देना है। श्री गांधी ने कहा कि हजारों छात्र और युवा महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने देशभर की अधिक से अधिक युवा महिलाओं, विशेषकर जेन-जी से बड़ी संख्या में आगे आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह सरकार महिलाओं के दर्द के प्रति बहरी है और दबाव पड़ने पर ही सुनेगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है और वह इसके साथ पूरी तरह खड़े हैं।
अभिनव. श्रवण वार्ता