एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, September 17, 2026

मोदी ने किया सेमीकॉन इंडिया का उद्घाटन, सेमीकंडक्टर मिशन के दूसरे चरण के लिए 13.5 अरब डॉलर की घोषणा की

मोदी ने किया सेमीकॉन इंडिया का उद्घाटन, सेमीकंडक्टर मिशन के दूसरे चरण के लिए 13.5 अरब डॉलर की घोषणा की

नयी दिल्ली, 17 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में सेमीकंडक्टर तंत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है और स्वदेशी चिप अब देश और दुनिया के ग्राहकों तक पहुंचने लगी है।

श्री मोदी ने गुरुवार को यहां सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया और कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र के दिनों दिन बढ़ने से देश में नवाचार, निवेश और विकास के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने युवाओं और उद्योग जगत से इस सेमीकंडक्टर मिशन से जुड़ने का आह्वान किया। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने मिशन के दूसरे चरण के लिए 13.5 अरब डॉलर की योजना की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 में शुरू हुई सेमीकॉन इंडिया की यात्रा अब नीति और योजना से आगे बढ़कर पायलट लाइन से होते हुए वाणिज्यिक उत्पादन तक पहुंच गई है। मोहाली और सूरत में दो नए संयंत्रों में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर का पूरा तंत्र विकसित करने के लिए चिप डिजाइन, उपकरण निर्माण और परीक्षण की क्षमता जरूरी है। उन्होंने फैबलेस कंपनियों (काफी कम कर्मचारियों वाली कंपनियों), बौद्धिक संपदा और सिलिकॉन फोटोनिक्स पर जोर दिया।

उन्होंने उपकरण, रसायन, गैस और सामग्री क्षेत्र की कंपनियों से 12 स्वीकृत परियोजनाओं और बढ़ती मांग का लाभ उठाने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया को विनिर्माण के लिए नयी और भरोसेमंद जगह की जरूरत महसूस हो रही है और भारत इसके लिए खुद को लगातार तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत हर वो कदम उठा रहा है जो हमें सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए एक पसंदीदा स्थल बनाता है। कुछ साल पहले ही देश के संविधान के 75 वर्ष पूरे हुए हैं। ऐसा देश जब एक महत्वपूर्ण उद्योग में आगे बढ़ता है तो इससे पूरी दुनिया की आपूर्ति श्रृंखला को ताकत मिलती है।

उन्होंने कहा, "आज जब आपूर्ति श्रृंखला को हथियार बनाया जा रहा है तब तो इसकी महत्ता बहुत बढ़ जाती है। भारत में हो रहे इस विकास को हमें इस बड़े नजरिये से भी देखना है।" प्रधानमंत्री ने भारत की इंजीनियरिंग प्रतिभा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चिप डिजाइन के लिए एक लाख इंजीनियरिंग छात्रों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 70 हजार को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने युवाओं और शोधकर्ताओं से देश में उन्नत तकनीक विकसित करने में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, "जो युवा प्रतिभा भारत में अनुसंधान से जुड़े हैं वे आगे आएं। जो युवा विदेशों में अनसंधान कर रहे हैं वे भी भारत में उन्नत प्रौद्योगिकी के विकास से जुड़ें।" उन्होंने प्रमुख उद्योगपतियों का आह्वान, "मैं उद्योग जगत से आग्रह करता हूं। आप देश में अनुसंधान और विकास के लिए आगे आएं। इसमें उद्योगों का भी फायदा है और भारत की युवाशक्ति को भी इससे ताकत मिलेगी।" श्री मोदी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धमत्ता (एआई) की बढ़ती मांग से सेमीकंडक्टर क्षेत्र की जरूरतें बदल रही हैं।

अब केवल ट्रांजिस्टर के आकार पर ध्यान नहीं है, बल्कि मेमोरी की जगह और गर्मी के प्रबंधन समेत पूरे सिस्टम के एकीकरण पर भी जोर है। उन्होंने कहा कि भारत इन नई वैश्विक विनिर्माण जरूरतों के लिए लगातार तैयारी कर रहा है। उन्होंने एआई डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर संयंत्रों के लिए लगातार बिजली की जरूरत का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 160 गीगावाट से अधिक हो गई है। साथ ही परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोलने और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है।

श्री मोदी ने पिछले 15 दिनों में हुई कई उपलब्धियों का भी उल्लेख किया जिनमें 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' में समावेशी वित्त पर चर्चा, 3,000 किलोमीटर लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का संचालन और 7.8 प्रतिशत की तिमाही सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि शामिल है। उन्होंने जापान की एक क्रेडिट रेटिंग एजेंसी द्वारा भारत की सॉवरेन रेटिंग बढ़ाए जाने का भी जिक्र किया। श्री मोदी ने भारत की मेजबानी में हाल में हुए बीआरआईसीएस सम्मेलन और नयी दिल्ली घोषणा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि घोषणा का सर्वसम्मति से अपनाया जाना भारत के प्रति दुनिया के भरोसे को दिखाता है।

प्रधानमंत्री ने सेमीकॉन इंडिया के आयोजन को विश्वकर्मा दिवस से जोड़ते हुए भारत की निर्माण और सृजन की पुरानी परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक रचनात्मक क्षमता को 21वीं सदी की तकनीक और सोच से जोड़ना आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की प्रेरणा है।

संजीव उप्रेती वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
726
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
सेमीकॉन लीड मोदी
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
17/09/26 10:20
पिछला अपडेट
17/09/26 10:20
स्थान
India