नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ एक दशक से अधिक समय से लड़ रहे हैं और वह उन्हें अच्छी तरह समझ गये हैं।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी, श्री शाह, मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के चारों ओर घेरा लगातार सिमट रहा है और वह उनके खिलाफ जारी इस लड़ाई में पीछे हटने वाले नहीं हैं।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इन लोगों की सबसे बड़ी पहचान कायरता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जितनी चाहें उतनी पुलिस बुला लें और सभी नेताओं तथा युवाओं को गिरफ्तार कर लें, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, "हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। मेरी बात याद रखिए, हमें जो जानकारी चाहिए, वह हमारे पास पहले से है।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह संविधान की रक्षा करेंगे, देश की जनता की आवाज की हिफाजत कर यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछले 10-15 वर्षों में देश के साथ जो हुआ है, वह दोबारा कभी न हो। श्री गांधी ने देश के युवाओं से अपना विरोध जारी रखने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें युवाओं पर गर्व है और वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि मौजूदा सरकार और संविधान पर हमला करने वाले लोग पराजित हों।
अभिनव अशोक वार्ता