राहुल ने लोगों से संघर्ष साझा करने के लिए 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफॉर्म किया लॉन्च

नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' नाम से एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से देशभर के लोग अन्याय के खिलाफ अपने संघर्ष और मुद्दों को उनसे साझा कर सकेंगे।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शनिवार को कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। 'सत्याग्रह' इन्हीं आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है, ताकि स्थानीय स्तर पर चल रहे संघर्षों को राष्ट्रीय मंच मिल सके। पार्टी ने यह जानकारी शनिवार को साझा करते हुए कहा कि श्री गांधी ने शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म को लांच किया है। श्री गांधी ने इस प्लेटफार्म के बारे में आज कहा, " देशभर में लोग अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
नेता विपक्ष के तौर पर आपकी लड़ाई मेरी लड़ाई है। अब नये सत्याग्रह का समय है। आप किन मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, मुझे बताइए। मैं आपकी बात सुन रहा हूं।" उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में जमीन, महिलाओं के अधिकार, दलितों और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के अधिकार, शिक्षा तथा परीक्षाओं सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। 'सत्याग्रह' के माध्यम से इन आंदोलनों को संगठित करने और एक नक्शे पर साथ लाने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक नेता विपक्ष को बता सकते हैं कि वे कौन हैं, उनके लिए क्या महत्वपूर्ण है और उनके अधिकारों के रास्ते में कौन खड़ा है।
लोगों द्वारा साझा किया गया प्रत्येक मुद्दा 'सत्याग्रह मैप' पर एक पिन के रूप में दिखाई देगा। श्री गांधी ने कहा कि मुद्दे की गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों की आवाज सड़क से लेकर संसद तक सुनी जा सके। उन्होंने कहा, "जहां सच को कुचला जा रहा है, वहां लोगों को उसका विरोध करने में मदद करना नेता विपक्ष के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है।" '
सत्याग्रह' प्लेटफॉर्म पर लोग अपने संघर्ष की कहानी साझा कर सकते हैं। श्री गांधी ने कहा कि वह संसद, सड़क, पत्र लिखकर या जहां भी उनकी जरूरत होगी, लोगों के साथ खड़े होकर मदद करने का प्रयास करेंगे।
अभिनव.श्रवण वार्ता

