नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले वर्ष 24 सितम्बर को लेह में आंदोलन के दौरान मारे गये चार युवाओं को श्रद्धांजलि देते हुए घटना की न्यायिक जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाने, जवाबदेही तय करने और बिना भय या पक्षपात के न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
श्री खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि एक वर्ष पहले लद्दाख के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के लिए चले आंदोलन के दौरान लेह में चार युवाओं को गोली मारी गयी थी। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस पर वह उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवारों के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लोगों ने अपनी वैध आकांक्षाओं को पूरा किये जाने के लिए लंबे समय तक इंतजार किया है।
कांग्रेस भूमि, रोजगार, नाजुक पर्यावरण, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए छठी अनुसूची सहित सार्थक संवैधानिक सुरक्षा की उनकी मांग के साथ मजबूती से खड़ी है। श्री खरगे ने कहा कि लोकतंत्र और प्रतिनिधि संस्थाओं को पूरी तरह बहाल किया जाना चाहिए तथा लोगों को अपने भविष्य के निर्धारण में प्रभावी आवाज मिलनी चाहिए।
अभिनव जितेन्द्र वार्ता