Sunday, May 17 2026 | Time 11:21 Hrs(IST)
राज्य » पंजाब / हरियाणा / हिमाचल


पंजाब में मोहाली, चंडीगढ़ और पटियाला समेत कई ठिकानों पर ईडी की छापामारी

चंडीगढ़/मोहाली, 07 मई (वार्ता ) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को पंजाब में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। मोहाली के खरड़ स्थित एक हाईराइज अपार्टमेंट में कार्रवाई के दौरान नकदी से भरे बैग नौवीं मंजिल से नीचे फेंके जाने की रिपोर्टों से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने सेक्टर-127, छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स में छापा मारा। बताया जा रहा है कि यह फ्लैट आईटी प्रोफेशनल नितिन गोहल से जुड़ा है, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक करीबी सहयोगी का नजदीकी माना जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ईडी टीम के पहुंचते ही इमारत की ऊपरी मंजिल से नकदी से भरे बैग नीचे फेंके गए। सुबह टहलने निकले लोगों ने परिसर में बिखरे नोट देखे और अधिकारियों को सूचना दी। बाद में ईडी अधिकारियों ने बैग बरामद कर लिए। एक अधिकारी के अनुसार, बैग लेकर भाग रहे एक ड्राइवर को भी पकड़ लिया गया और उसके पास से करीब 21 लाख रुपए नकद बरामद किए गए।
ईडी ने इसी कार्रवाई के तहत चंडीगढ़ के सेक्टर-16, पटियाला और मोहाली के अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली। मोहाली में वीर देविंदर सिंह के परिसरों पर भी छापेमारी की गई।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग और भूमि घोटाले से जुड़ी है। जांच में कई रियल एस्टेट परियोजनाओं के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी ग्माडा से चेंज ऑफ लैंड यूज ( सीएलयू ) मंजूरी लेने में अनियमितताएं की गईं और निवेशकों से करोड़ों रुपये लेकर फंड डायवर्ट किया गया।
ईडी के रडार पर नितिन गोहल भी बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी को संदेह है कि उन्होंने बिल्डरों को ग्माडा बकाया मामलों में मदद दिलाने और राजनीतिक संरक्षण उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई। इस बीच विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि समय बताएगा कि यह कार्रवाई न्याय तक पहुंचेगी या फिर राजनीतिक "वॉशिंग मशीन" सब दाग साफ कर देगी। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई में बड़े पैमाने पर हवाला लेनदेन और नकदी का खुलासा हो सकता है।
ईडी अधिकारियों ने फिलहाल मामले में आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। जांच जारी है।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा, "500 के नोटों के कई लाख रुपये के बंडल हवा में उड़ते हुए! यही है 'कट्टर ईमानदार पार्टी' की सच्चाई, जिसके करीबी सहयोगियों जो सीधे मुख्यमंत्री के ओएसडी से जुड़े बताए जा रहे हैं। उन्होंने खरड़ की एक अपार्टमेंट बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड के दौरान नोटों से भरे बैग नीचे फेंक दिए। यह पंजाब और उसके संसाधनों की लूट का साफ सबूत है, जिससे भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल अपनी तिजोरियां भर रहे हैं। यह इस बात का भी प्रमाण है कि मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों द्वारा पंजाब से पैसा निकालकर ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों में भेजा जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल इस पूरे मामले और ऐसे लोगों से जुड़े सभी हवाला लेनदेन की गहन जांच की मांग करता है। हम 2027 में सरकार बनने पर इन सभी दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पंजाबियों से लूटा गया हर पैसा राज्य को वापस दिलाया जाएगा। "
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा, " क्या मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब पुलिस के महानिदेशक बताएंगे कि खरड़ (मोहाली) में इतनी बड़ी मात्रा में काला धन छतों पर कैसे उड़ रहा है? यह पैसा किसका है और पंजाब पुलिस क्या कर रही थी, जबकि ऐसे भ्रष्टाचार के मामलों पर नजर रखी जा रही है? क्या ईडी द्वारा छापेमारी का सामना कर रहा नितिन नामक व्यक्ति मुख्यमंत्री के ओएसडी से जुड़ा हुआ है? इन सभी सवालों के जवाब दिए जाने चाहिए।"
ठाकुर जितेन्द्र
वार्ता
More News

हिमाचल: हमीरपुर में उभरते खिलाड़ियों के लिए नया सिंथेटिक ट्रैक बनेगा

17 May 2026 | 8:53 AM

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 17 मई (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के अनु डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में नया सिंथेटिक ट्रैक बिछाया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण की हमीरपुर इकाई की कार्यकारी अधिकारी दिव्या तिवारी ने यहां दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर यह घोषणा की।.

see more..

अंत्योदय की भावना से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही योजनाओं का लाभः डॉ. शर्मा

16 May 2026 | 8:50 PM

चंडीगढ़, 16 मई (वार्ता) हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविन्द शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय की परिकल्पना को आधार बनाकर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। .

see more..

एसआईआर के नाम पर पंजाब में एक भी असली वोट नहीं कटने देंगे: भगवंत

16 May 2026 | 8:32 PM

चंडीगढ़, 16 मई (वार्ता ) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत एक भी असली वोट कटने नहीं देगी।.

see more..

पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा आम आदमी पार्टी में शामिल

16 May 2026 | 8:25 PM

समाना/चंडीगढ़, 16 मई (वार्ता ) पंजाब में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। .

see more..

ड्रोन विनिर्माण इकाई बनेगी हरियाणा की तकनीकी क्रांति का आधार: बेदी

16 May 2026 | 8:20 PM

चंडीगढ़, 16 मई (वार्ता ) हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा है कि हांसी में शुरू हुई ड्रोन विनिर्माण इकाई हरियाणा को तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। अब भारत केवल विदेशी तकनीकों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि नई तकनीक विकसित कर विश्व को दिशा देने वाला देश बन रहा है।.

see more..