एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, October 16, 2026

आईटी कंपनियों में लिवाली से सेंसेक्स 414 अंक चढ़ा, टेक महिंद्रा का शेयर आठ फीसदी ऊपर

आईटी कंपनियों में लिवाली से सेंसेक्स 414 अंक चढ़ा, टेक महिंद्रा का शेयर आठ फीसदी ऊपर

मुंबई, 16 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को आईटी कंपनियों में एक बार फिर अच्छी तेजी देखी गई और बीएसई का सेंसेक्स 413.66 अंक (0.56 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 74,729.27 अंक पर पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 148.80 अंक की बढ़त में 23,146.15 अंक पर बंद हुआ। अच्छे तिमाही परिणाम और बोनस शेयर की घोषणा के बाद टेक महिंद्रा का शेयर आठ प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुआ। कंपनी के गुरुवार को जारी वित्तीय परिणामों के अनुसार, जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में उसका मुनाफा सालाना आधार पर 32.7 प्रतिशत बढ़कर 1,586 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। राजस्व में 15.6 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 16,180 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने प्रत्येक शेयर पर एक बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की है। साथ ही प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 15 रुपये के अंतरिम लाभांश की भी घोषणा की है। वृहत बाजार में मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक गिरावट में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.06 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.01 प्रतिशत नीचे रहा। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी सूचकांक में 3.92 प्रतिशत का उछाल रहा। मीडिया समूह का सूचकांक 1.92 फीसदी, धातु का 0.95 प्रतिशत और ऑटो का 0.75 प्रतिशत मजबूत हुआ।

एफएमसीजी, रियल्टी, फार्मा, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों में गिरावट रही। सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा के बाद टीसीएस और इंफोसिस के शेयर सबसे अधिक साढ़े चार प्रतिशत चढ़े। भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा में दो से तीन प्रतिशत तक की तेजी रही। बजाज फाइनेंस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर एक से डेढ़ फीसदी तक चढ़े। एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, पावरग्रिड, बजाज फिनसर्व और ट्रेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे। विमान सेवा कंपनी इंडिगो में करीब सवा दो फीसदी की गिरावट रही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयर एक प्रतिशत से अधिक गिरे। बीईएल, आईटीसी, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और अडानी पोर्ट्स भी नुकसान में रहे।

अजीत, मधुकांत वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
323
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
शेयर बाजार बंद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
16/10/26 11:06
पिछला अपडेट
16/10/26 11:06
स्थान
India