एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, November 6, 2026

बैंकिंग, वित्तीय कंपनियों में लिवाली से प्रमुख सूचकांक पश्चिम एशिया संकट से पहले के स्तर पर

बैंकिंग, वित्तीय कंपनियों में लिवाली से प्रमुख सूचकांक पश्चिम एशिया संकट से पहले के स्तर पर

मुंबई, 06 नवंबर (वार्ता) बैंकिंग और वित्तीय सेक्टरों में मजबूत लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को अच्छी तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक पश्चिम एशिया संकट के पहले के स्तर के करीब पहुंच गये।

बीएसई के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में 1,718.01 अंक (2.17 प्रतिशत) की तेजी देखी गयी और यह 81,028.02 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 493.75 अंक यानी 2.01 प्रतिशत चढ़कर 25,030.35 अंक पर रहा। यह दोनों का इस साल 27 फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। सुबह के समय सेंसेक्स 103 अंक और निफ्टी-50 सूचकांक हरे निशान में लगभग स्थिर खुला लेकिन खुलते ही दोनों लाल निशान में चले गये , हालांकि तुरंत वापसी करते हुए। एक बार फिर बढ़त में आ गये और उसके बाद इनका ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ता गया। वृहत बाजार में मिला-जुला रुख रहा।

निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.33 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ जबकि स्मॉल कैप-100 सूचकांक 0.82 प्रतिशत लुढ़क गया। वैश्विक स्तर पर कच्चा तेल फिलहाल 98 डॉलर प्रति बैरल के आसपास लगभग स्थिर है। वहीं, एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट के बाद निवेशक बॉन्ड का रुख कर रहे हैं। इससे दुनिया के लगभग सभी शेयर बाजार गिरावट में हैं। जापान का निक्केई सूचकांक करीब छह प्रतिशत नीचे बंद हुआ। घरेलू बाजार में सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी फाइनेंस 2.57 प्रतिशत और निफ्टी बैंक 2.27 प्रतिशत चढ़ गया। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह का सूचकांक 1.70 प्रतिशत और फार्मा का सूचकांक 1.21 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, धातु, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक भी बढ़त में रहे। हालांकि निफ्टी मीडिया में 1.52 फीसदी की गिरावट देखी गयी। एमएसई में जिन 3,706 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,438 के शेयर हरे निशान में और 2,141 के लाल निशान में रहे जबकि 127 कंपनियों के शेयर अंततः परिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। अच्छे तिमाही परिणाम के बाद महिंद्रा ऐंड महिंद्रा का शेयर 6.15 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 4.65 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का 3.56, टाइटन का 3.36 और एक्सिस बैंक का 3.19 प्रतिशत ऊपर रहा।

कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में 2.68 फीसदी, टाटा स्टील में 2.20 फीसदी और एनटीपीसी तथा अडानी पोर्ट्स दोनों में 2.09 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गयी। सन फार्मा और एलएंडटी के शेयर 1.90 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.68, भारती एयरटेल का 1.66, इंटरनल का 1.61, आईटीसी का 1.56, बजाज फाइनेंस का 1.38, बजाज फिनसर्व का 1.27, इंफोसिस का 1.25, भारतीय स्टेट बैंक का 1.10 और मारुति सुजुकी का 1.07 प्रतिशत चढ़ गया। हिंदुस्तान यूनीलिवर, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडिगो और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी ऊपर रहे।

सेंसेक्स में नुकसान उठाने वाली एकमात्र कंपनी पावरग्रिड रही जिसका शेयर 0.57 प्रतिशत लुढ़क गया। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 5.96 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। हांगकांग के हैंग सेंग में 1.27 फीसदी और चीन के शंघाई कंपोजिट में 1.10 फीसदी की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 2.12 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.94 प्रतिशत नीचे था।

अजीत अशोक वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
517
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
शेयर बाजार बंद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
06/11/26 12:15
पिछला अपडेट
06/11/26 12:15
स्थान
India