वैश्विक कारकों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

मुंबई, 18 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही जबरदस्त तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों और कंपनियों के वित्तीय परिणामों पर रहेगी।
पश्चिम एशिया संकट एक बार फिर गहराने लगा है। कच्चे तेल को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि इसमें काफी ज्यादा उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। इन कारकों के अलावा घरेलू स्तर पर कंपनियों के वित्तीय परिणामों का असर भी बाजार पर दिखेगा। आने वाले सप्ताह में जिन प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजे आने हैं उनमें अल्ट्राटेक सीमेंट, यूनियन बैंक, भारत पेट्रोलियम, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक भी शामिल हैं। नौ प्रमुख उद्योग क्षेत्रों के सितंबर के आंकड़े भी इसी सप्ताह जारी होने हैं। अगले सप्ताह मंगलवार 20 अक्टूबर को दशहरे के मौके पर बाजार में अवकाश रहेगा। गत सप्ताह आईटी कंपनियों में हुई जबरदस्त लिवाली का असर शेयर बाजारों पर दिखा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2,256.94 अंक (3.11 प्रतिशत) की साप्ताहिक बढ़त में 74,729.27 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी सप्ताह के दौरान 625.70 अंक यानी 2.78 फीसदी की बढ़त के साथ शुक्रवार को 23,146.15 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 23 सितंबर के बाद का उच्चतम स्तर है। वृहत बाजार में मिला-जुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.95 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.12 प्रतिशत टूट गया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर हरे निशान में रहे।
टेक महिंद्रा का शेयर सप्ताह के दौरान 17.86 प्रतिशत उछल गया। आईटी क्षेत्र की दूसरी कंपनियों में टीसीएस में 13.87 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 13.48 प्रतिशत, इंफोसिस में 13.43 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल का शेयर 5.45 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 4.58, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 3.35, आईसीआईसीआई बैंक का 3.15, एचडीएफसी बैंक का 2.97, बजाज फाइनेंस का 2.48, बीईएल का 2.33, अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.32 और एक्सिस बैंक का 2.18 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में रहा।
सप्ताह के दौरान हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 1.99 प्रतिशत, एनटीपीसी का 1.74, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.34, ट्रेंट का 1.30 और टाटा स्टील का 1.15 प्रतिशत चढ़ गया। टाइटन में 0.99 प्रतिशत, मारुति सुजुकी में 0.76, पावरग्रिड में 0.58, इटरनल में 0.51, भारतीय स्टेट बैंक में 0.38 और सन फार्मा में 0.18 प्रतिशत की तेजी रही। इंडिगो का शेयर 3.32 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट में रहा। एलएंडटी में 1.81 फीसदी, आईटीसी में 1.20, अडानी पोर्ट्स में 0.99, एशियन पेंट्स में 0.51 और बजाज फिनसर्व में 0.02 प्रतिशत की गिरावट रही।
अजीत सैनी वार्ता

