एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। 15/09/26 16:15

वैश्विक दबाव में लुढ़के शेयर बाजार, निफ्टी-50 पांच महीने के निचले स्तर पर

इस समाचार कहानी की विशेष छवि

मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक पांच महीने के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 777.94 अंक (1.04 प्रतिशत) नीचे 74,003.82 अंक पर बंद हुआ। यह 11 जून के बाद का निचला स्तर है। निफ्टी-50 सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 279.50 अंक यानी 1.19 प्रतिशत लुढ़ककर 23,118.60 अंक पर रहा जो 06 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है। सेंसेक्स 588 अंक ऊपर 75,369.63 अंक पर खुला और एक समय 655 अंक चढ़ गया था , हालांकि कुछ ही देर बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई और सेंसेक्स 73,994 अंक तक टूट गया।

इस प्रकार इसमें 1,375 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने की आशंका में लगभग सभी प्रमुख एशियाई शेयर बाजार लाल निशान में रहे। यूरोपीय बाजार भी गिरावट में खुले। बाजार में चौतरफा बिकवाली के बीच सिर्फ आईटी सेक्टर में मजबूत लिवाली रही। निफ्टी आईटी सूचकांक 2.19 प्रतिशत ऊपर रहा। अन्य सभी सेक्टरों में बिकवाली का जोर रहा। रियल्टी समूह का सूचकांक 4.04 प्रतिशत, रसायन समूह का 3.42, धातु का 2.54 टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद का 2.41, मीडिया का 2.17, ऑटो का 2.01, वित्त का 1.83, बैंकिंग का 1.43, फार्मा का 1.30, तेल एवं गैस का 1.29 और स्वास्थ्य समूह का 1.17 प्रतिशत टूट गया। वृहत बाजार में मिडकैप-50 सूचकांक 2.08 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.43 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। एनएसई में जिन 3,687 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,824 के शेयरों में गिरावट और 754 में तेजी रही।

अन्य 109 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयर लाल निशान में रहे। बीईएल का शेयर सबसे ज्यादा 6.04 प्रतिशत लुढ़क गया। इंडिगो में 3.95 फीसदी, टाइटन में 3.10, बजाज फिनसर्व में 3.09 और अडानी पोर्ट्स में 3.03 प्रतिशत की गिरावट रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 2.88 फीसदी, भारतीय स्टेट बैंक का 2.77, ट्रेंट का 2.62, एशियन पेंट्स का 2.51, बजाज फाइनेंस का 2.37, इटरनल का 2.29, अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.24, एक्सिस बैंक का 2.18, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.17 और पावरग्रिड का 2.08 प्रतिशत टूट गया। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.97 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.75 फीसदी, एलएंडटी का 1.66 फीसदी, मारुति सुजुकी का 1.17 फीसदी और एनटीपीसी का 0.99 प्रतिशत की गिरावट में रहा।

आईटीसी और सन फार्मा के शेयर भी नुकसान में रहे। सूचना एवं प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 3.98 प्रतिशत चढ़ गया। इंफोसिस का शेयर 3.64 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 2.31 प्रतिशत, टीसीएस का 2.18 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक का 1.27 प्रतिशत मजबूत हुआ। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर भी हरे निशान में रहा। वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंग सेंग एक प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.54 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.01 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.06 प्रतिशत ऊपर था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.17 प्रतिशत की गिरावट है।

अजीत अशोक वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
511
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
शेयर बाजार लीड बंद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
15/09/26 13:22
पिछला अपडेट
15/09/26 13:22
स्थान
India