शेयर बाजारों में लिवाली के बीच सेंसेक्स में मामूली गिरावट

मुंबई, 18 सितंबर (वार्ता) कच्चे तेल में जारी नरमी से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को लिवाली का जोर रहा, हालांकि आईटी कंपनियों के दबाव में सेंसेक्स में मामूली गिरावट देखी गई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 19.63 अंक (0.03 प्रतिशत) की गिरावट में 74,294.96 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक सुबह 260 अंक की तेजी के साथ 74,575 अंक पर खुला और एक समय करीब 414 अंक चढ़ गया था। आखिरी 15 मिनट में बिकवाली से सेंसेक्स टूट गया। सेंसेक्स के विपरीत नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 75.80 अंक यानी 0.33 प्रतिशत चढ़कर 23,346.40 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सवा फीसदी फिसलकर फिलहाल 103.5 डॉलर प्रति बैरल के करीब है।
इससे दूसरे प्रमुख एशियाई बाजारों के साथ घरेलू शेयर बाजारों में भी निवेश धारणा मजबूत रही। वृहत बाजार में चौतरफा लिवाली के बीच निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.87 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.74 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी धातु 1.51 प्रतिशत, मीडिया 1.34 प्रतिशत, रियल्टी 1.19 प्रतिशत और रसायन 1.17 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। तेल एवं गैस, बैंकिंग, वित्त, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों में भी तेजी रही। आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टरों के सूचकांक टूट गए। एनएसई में जिन 3,653 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,387 के शेयर बढ़त में और 1,154 के गिरावट में रहे। अन्य 112 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर लाल निशान में रहे। टाटा समूह की कंपनी टीसीएस का शेयर 4.33 प्रतिशत टूट गया। टाइटन में 2.11 प्रतिशत, एशियन पेंट्स में 2.00, मारुति सुजुकी में 1.98, टेक महिंद्रा में 1.82, टाटा स्टील में 1.73, सन फार्मा में 1.63 और एनटीपीसी में 1.62 प्रतिशत की गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.48 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आईटीसी दोनों के 1.43, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.01 और कोटक महिंद्रा बैंक का 1.01 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीईएल में भी गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर 3.72 फीसदी चढ़ गया। पावरग्रिड में 2.47 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 2.26, भारती एयरटेल में 2.11, बजाज फाइनेंस में 1.08 और इंडिगो में 0.93 प्रतिशत की तेजी रही।
इटरनल, एलएंडटी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.38 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.94 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.60 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स और ब्रिटेन का एफटीएसई एक-एक प्रतिशत नीचे थे।
अजीत उप्रेती वार्ता

