जगदलपुर, 27 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ से प्रभावित डोंगाघाट क्षेत्र में फंसे 18 लोगों को रविवार को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया।
लगातार बारिश के बाद क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ का पानी कई घरों में प्रवेश कर गया था। इसके चलते ग्रामीणों और बच्चों को सुरक्षित स्थानों तथा मकानों की छतों पर शरण लेनी पड़ी। गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने बचाव अभियान शुरू किया।
प्रशासन के अनुसार डोंगाघाट में फंसे लोगों को निकालने के लिए भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की सहायता ली गई। हेलीकॉप्टर के माध्यम से कुल 18 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बचाव अभियान बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा की निगरानी में संचालित किया गया।
प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही नावों और अन्य उपलब्ध संसाधनों के जरिए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तथा राहत शिविरों तक पहुंचाने में जुटी हुई हैं।
पंकज , जांगिड़ वार्ता