मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ प्रवास स्थगित

रायपुर, 07 अक्टूबर (वार्ता) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बुधवार और गुरुवार को प्रस्तावित दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास स्थगित कर दिया गया है।
चुनाव आयोग ने अपरिहार्य कारणों से मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का निर्धारित कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया है। संशोधित कार्यक्रम की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। छत्तीसगढ़ के मुख्य चुनाव पदाधिकारी कार्यालय ने छह अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना दी, जिसकी जानकारी आज सुबह दी गई । श्री कुमार के प्रस्तावित प्रवास को देखते हुए उन्हें राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया था। उनके आगमन के मद्देनजर सुरक्षा, आवागमन और अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां भी की जा रही थीं। प्रस्तावित प्रवास के दौरान चुनाव संबंधी तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ बैठक और समीक्षा की संभावना थी। चुनाव आयोग से संशोधित कार्यक्रम प्राप्त होने के बाद नई तारीख की जानकारी संबंधित विभागों को अलग से दी जाएगी। फिलहाल सात और आठ अक्टूबर का निर्धारित प्रवास स्थगित है। इस बीच, श्री कुमार से संबंधित एक याचिका की सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय में मतदाता पंजीकरण से जुड़े फॉर्म 6 में कथित बदलाव का विषय भी उठा। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि उसने फॉर्म 6 में किए गए किसी बदलाव को मंजूरी नहीं दी है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुनवाई के दौरान कहा, "हम भी होमवर्क करते हैं। हमें भी मामले की जानकारी है।" श्री कुमार को निलंबित करने की मांग पर न्यायालय ने तत्काल कोई आदेश देने से इनकार करते हुए कहा, "हम याचिका पर नोटिस जारी कर रहे हैं। याचिका का आधार न्यूज रिपोर्ट है, वह शत प्रतिशत सही, आंशिक रूप से सही या गलत भी हो सकती है। हम उसके आधार पर कोई आदेश नहीं दे सकते हैं।" न्यायालय ने याचिका में उठाए गए मुद्दों पर चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। पंकज उप्रेती वार्ता

