एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, September 24, 2026

आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत पर राहुल ने परिवार को समर्थन का भरोसा दिया

आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत पर राहुल ने परिवार को समर्थन का भरोसा दिया

मुंबई, 24 सितंबर (वार्ता) महाराष्ट्र में आईआईटी बॉम्बे के 20 वर्षीय बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत पर बढ़ते आक्रोश के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उनके दुखी परिवार से बात करते हुए उन्हें इस दुखद घटना से जुड़े हालात की निष्पक्ष, उच्च-स्तरीय जांच की मांग में समर्थन का भरोसा दिलाया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री गांधी ने साहिल के माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं को सड़कों से लेकर संसद तक उठाया जायेगा। घटना के विरोध में पवई में आईआईटी बॉम्बे परिसर के बाहर विरोध-प्रदर्शन तेज हो गये हैं1 कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई सदस्यों ने जवाबदेही और साहिल की मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है।मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने प्रदर्शनों का नेतृत्व किया।

प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात था और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। साहिल के परिवार और प्रदर्शनकारियों ने उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाये हैं और आरोप लगाया है कि इसमें जाति-आधारित भेदभाव और उत्पीड़न की भूमिका हो सकती है। उन्होंने इस घटना को सिर्फ आत्महत्या मानने से इनकार किया है और इसे 'संस्थागत मौत' का मामला बताया है। यह विवाद तब और बढ़ गया जब यह बात सामने आयी कि मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर साहिल से पूछताछ की गयी थी।

मामले के सिलसिले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि छात्रावास के कमरे में मौत से पहले उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। राजनीतिक नेताओं और परिवार ने मांग की है कि अपराध शाखा की चल रही जांच को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया जाए क्योंकि भेदभाव और उत्पीड़न के आरोपों की स्वतंत्र जांच जरूरी है। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है , जिसमें डिजिटल सबूतों और परीक्षा से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शामिल है।

पंकज अशोक वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
321
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
महाराष्ट्र आईआईटी छात्र मौत प्रदर्शन
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
24/09/26 13:55
पिछला अपडेट
24/09/26 13:55
स्थान
India