एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Tuesday, October 6, 2026

एमपीएससी विवाद बढ़ा : रोहित पवार ने दी इस्तीफे की धमकी, महाराष्ट्र सरकार पर लगाया 'अहंकार के खेल' का आरोप

एमपीएससी विवाद बढ़ा : रोहित पवार ने दी इस्तीफे की धमकी, महाराष्ट्र सरकार पर लगाया 'अहंकार के खेल' का आरोप

पुणे, 06 अक्टूबर (वार्ता) महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) अभ्यर्थियों के यहां एमएस जोशी पुल पर चल रहे सत्याग्रह ने मंगलवार को बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया कि एमपीएससी अध्यक्ष विवेक भीमनवार इस्तीफा दे चुके हैं लेकिन राज्य सरकार राजनीतिक अहंकार और डर के कारण उसे दबाकर बैठी है। संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से बात करते हुए श्री पवार ने दावा किया कि श्री भीमनवार ने अपना इस्तीफा शाम के समय सीधे मुख्यमंत्री को भेजा था।

इसे संवैधानिक प्रक्रिया के तहत राज्यपाल को भेजने के बजाय मुख्यमंत्री कार्यालय तक ही सीमित रखा गया है। श्री पवार ने कहा कि सरकार इस बात से बुरी तरह डरी हुई है कि छात्रों के दबाव में इस्तीफा स्वीकार करने से एक नजीर बन जाएगी, जिससे भविष्य में मंत्रियों या खुद मुख्यमंत्री की जवाबदेही तय करने का रास्ता खुल सकता है। श्री पवार ने आरोप लगाया, "अब यह छात्रों के कल्याण का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि इसे मुख्यमंत्री के अहंकार का खेल बना दिया गया है।"

अध्यक्ष को हटाने की अपनी मुख्य मांग पर पीछे हटने से इनकार कर रहे हजारों प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के कारण चल रहा यह सत्याग्रह एक बड़े राजनीतिक गतिरोध में तब्दील हो गया है। आंदोलन के नाजुक दौर में पहुंचने के साथ ही सभी की निगाहें राज्य प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस बढ़ते दबाव से कैसे निपटता है और अटकाए गए इस्तीफे पर क्या रुख अपनाता है।

आलम उप्रेती वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
248
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
महाराष्ट्र रोहित एमपीएससी विवाद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
06/10/26 06:43
पिछला अपडेट
06/10/26 06:43
स्थान
India