नयी दिल्ली, 6 अगस्त (वार्ता) राज्य सभा में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों के शोर-शाराबे के बीच कार्यवाही गुरुवार को भी बार-बार बाधित होती रही और तीसरी बार 3:15 बजे तक के लिए स्थगित की गयी।
दो बार के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही 2:15 बजे पुन: शुरू होते ही कांग्रेस के प्रमोद तिवारी और विपक्षी कतारों के अन्य सदस्य खड़े हो कर शोर मचाने लगे। उप-सभापति श्री हरिवंश अपने आसन पर बैठे ही थे कि श्री तिवारी ने कोई मुद्दा उठाना चाहा।
उप-सभापति ने आज की कार्यसूची में दर्ज विधायी कार्यवाही का हवाला देते हुए कहा , ' प्रमोद जी हम बिल (विधेयक) पर बात रहे हैं, आप वरिष्ठ सदस्य हैं....।' विपक्षी सदस्यों के शोर-गुल पर सत्ता पक्ष के कुछ सदस्यों के विरोध के स्वर भी उभरने लगे।
सदन का यह वातावरण देखते हुए श्री हरिवंश ने मिनट भर के अंदर ही कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले भी सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्रवाई भी विपक्ष के हंगामे के कारण दो बार स्थगित करनी पड़ी।
मनोहर, मधुकांत
वार्ता